Headlines

हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर काला जादू:श्मशान घाट पर तंत्र साधना करने वालों का नहीं मिला सुराग, तलाश में पुलिस की छापेमारी




छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा की तस्वीर रखकर कथित तौर पर काला जादू करने के मामले में फरार तीन आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन वे अभी फरार हैं। इस मामले में पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामला सीपत थाना क्षेत्र का है। पहले देखिए तस्वीरें… श्मशान घाट में पूजा-पाठ करते मिले 4 युवक ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम में बीते शुक्रवार (7 अगस्त) की रात चार युवक हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और दो अन्य लोगों की तस्वीरें रखकर पूजा-पाठ कर रहे थे। इसकी जानकारी आसपास के लोगों को मिली तो वे श्मशान घाट पहुंच गए। लोगों ने कुछ देर तक युवकों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी वहां से भाग निकले। युवक को पकड़कर पिटाई की, फिर पुलिस को सौंपा इस दौरान भीड़ ने पकड़े गए युवक की जमकर पिटाई की और इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान ऋषिकेश के रूप में हुई, जो राजकिशोर नगर का रहने वाला है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया। आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देने का पुलिस का दावा पुलिस के अनुसार जेल में बंद प्रियांशु बोले का भाई ओम बोले और उसके अन्य साथियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों के साथ ही उनके रिश्तेदारों के यहां भी दबिश दी है। आरोपी ओम सिटी कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस जब उसके घर और दुकान पहुंची तो दोनों जगह ताला लगा मिला। परिवार के सदस्य भी वहां मौजूद नहीं थे। अब पुलिस की जांच का मुख्य फोकस फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने और श्मशान घाट में की जा रही गतिविधियों के पीछे की वजह का पता लगाने पर है। किसने दी थी सलाह, इसका पता लगा रही पुलिस श्मशान घाट से मिली तस्वीरों में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा के अलावा जेल में बंद प्रियांशु बोले और शिकायतकर्ता की तस्वीरें भी शामिल थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन तस्वीरों को वहां क्यों रखा गया था और आरोपियों को तंत्र साधना करने की सलाह किसने दी थी। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों से पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम की कड़ी स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि सोशल मीडिया के जरिए कथित तांत्रिक से संपर्क किसने किया और श्मशान घाट में इस गतिविधि की योजना किसने बनाई थी। संपर्क में रहने वालों से भी ली जा रही जानकारी फरार युवक ओम बोले की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके घर और दुकान पर दबिश दे चुकी है। दोनों जगह ताला मिलने के बाद पुलिस अब उसके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां भी तलाश कर रही है। इसके साथ ही पुलिस फरार आरोपियों के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर उनके बारे में जानकारी जुटा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *