हिमाचल में ग्रेनेडनुमा वस्तु मिलने से हड़कंप:आज आर्मी करेगी डिफ्यूज; पंजाब से बुलाया बम निरोधक दस्ता, चार लोग हिरासत में लिए




हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में पंजाब सीमा से सटे दयोली गांव में मिली ग्रेनेडनुमा संदिग्ध वस्तु को आज बुधवार को आर्मी अपने कब्जे में लेकर निष्क्रिय करेगी। इसे सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज करने के लिए आर्मी के बम निरोधक विशेषज्ञ दस्ते को बुलाया गया है। मंगलवार को शिमला से भी बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा था, लेकिन देर शाम तक संदिग्ध वस्तु को निष्क्रिय नहीं किया जा सका। दयोली गांव में मकान की दीवार के पास ग्रेनेडनुमा वस्तु मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया है। करीब 60 मीटर के दायरे में आने वाले घरों को खाली करवाया गया है। लोगों की आवाजाही भी रोक दी गई है। अब तक संदिग्ध वस्तु में कोई विस्फोट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार रात दयोली में दो परिवारों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी। इसमें एक व्यक्ति घायल हुआ। मंगलवार सुबह एक पक्ष ने अपने मकान की दीवार के पास ग्रेनेड जैसी वस्तु पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके को सुरक्षित किया। पहले दो पक्षों में हुई थी हिंसक झड़प पुलिस के अनुसार, सोमवार रात दो परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इस मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया गया है। इसी घटनाक्रम के कुछ घंटे बाद मंगलवार सुबह एक पक्ष के मकान की दीवार के पास संदिग्ध वस्तु मिली। एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से ग्रेनेड जैसी वस्तु फेंकी गई। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बरामद वस्तु वास्तव में ग्रेनेड है या कोई अन्य विस्फोटक सामग्री। इसकी पुष्टि विशेषज्ञ जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरा सूचना मिलते ही नालागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और आर्मी के बम निरोधक दस्तों को मौके पर बुलाया गया है। संदिग्ध वस्तु के आसपास किसी को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। कहां से आई संदिग्ध वस्तु, जांच में जुटी पुलिस पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध वस्तु वहां कैसे पहुंची। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इसका दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद से कोई संबंध है या नहीं। वस्तु की वास्तविक प्रकृति विशेषज्ञ जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। एसपी की अपील- अफवाह न फैलाएं एसपी बद्दी विनोद धीमान ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर किसी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। पुलिस की जांच जारी है और विशेषज्ञों की जांच के बाद ही संदिग्ध वस्तु को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *