Headlines

हिमाचल में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट:नदी-नालों से दूर रहने की सलाह, अब तक सामान्य से 6 फीसदी कम बरसे बादल




हिमाचल प्रदेश में मानसून अगले छह दिनों तक सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज और कल राज्य के निचले व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की एडवाइजरी जारी की गई है। IMD ने सिरमौर जिले के लिए आज (बुधवार) बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, चंबा, कुल्लू, सोलन और सिरमौर जिलों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। कल यानी 30 जुलाई को चंबा, सिरमौर, बिलासपुर और कांगड़ा जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, सोलन और शिमला जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 31 जुलाई को 6 जिलों में यलो अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 3 अगस्त तक बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। 31 जुलाई से 3 अगस्त तक अधिकांश स्थानों पर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 1 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मानसून सीजन में 6% कम बारिश प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 6 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से 28 जुलाई के बीच सामान्य बारिश का आंकड़ा 330.9 मिमी रहता है, जबकि इस बार 310.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस अवधि में किन्नौर जिले में सामान्य से 30 फीसदी अधिक, शिमला में 26 फीसदी, बिलासपुर में 1 फीसदी, चंबा में 16 फीसदी, कुल्लू में 21 फीसदी, सोलन में 6 फीसदी और ऊना में 11 फीसदी अधिक बारिश हुई है। वहीं, हमीरपुर में सामान्य से 38 फीसदी कम, कांगड़ा में 21 फीसदी, लाहौल-स्पीति में 45 फीसदी, मंडी में 24 फीसदी और सिरमौर में सामान्य से 2 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *