हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ी:कल्पा का तापमान नॉर्मल से 12.1॰C नीचे लुढ़का, कल से कमजोर पड़ेगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस




हिमाचल प्रदेश में ताजा बारिश बर्फबारी के बाद कई भागों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। इससे पहाड़ों में ठंड बढ़ गई है। सुबह, शाम और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। किन्नौर के कल्पा में अधिकतम तापमान सामान्य से 12.1 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 8.2 डिग्री रह गया। नाहन में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री कम होकर 21.8 डिग्री और चंबा में 4.8 डिग्री की गिरावट के साथ 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश और बर्फबारी के बाद न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। कल्पा में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 3.8 डिग्री सेल्सियस रह गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के समय ठंड बढ़ गई है। आज किन्नौर और लाहौल-स्पीति में यलो अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी प्रदेश के कई भागों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश के साथ हल्के हिमपात की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। दोनों जनजातीय जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम बदलने पर बर्फबारी हो सकती है। 29 सितंबर से कमजोर पड़ेगा पश्चिमी विक्षोभ मौसम विभाग के अनुसार 29 सितंबर से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा। इसके चलते मंगलवार को प्रदेश के कुछ भागों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। 30 सितंबर को मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इक्का-दुक्का स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि प्रदेश के अन्य भागों में मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम साफ होने के साथ तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी। 1 से 3 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने के आसार एक अक्टूबर से 3 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून अभी सक्रिय है और इस सप्ताह इसके विदा होने की संभावना है। इस मानसून सीजन में 13% कम बारिश हिमाचल में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश हुई है। 1 जून से 27 सितंबर तक प्रदेश में सामान्य बारिश 731.2 मिलीमीटर रहती है, जबकि इस बार 634.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *