![]()
दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित देवभूमि लेआउट में जमीन की खरीदी-बिक्री के पुराने हिसाब-किताब का विवाद हत्या के प्रयास तक पहुंच गया। ठेकेदार और उसके साले को बातचीत के बहाने बुलाया गया, लेकिन वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान कई थाना क्षेत्रों का लिस्टेड बदमाश विजय मेनन भी अपने साथियों के साथ मौजूद था। आरोप है कि उसने ठेकेदार पर चाकू से जानलेवा हमला किया, जबकि अन्य आरोपियों ने लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। गंभीर रूप से घायल ठेकेदार को पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पहले विनय सिंह की शिकायत पर राजेश सिंह, अशोक सिंह, विक्की सिंह, विजय मेनन समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विक्की सिंह, रंजीत कुमार सिंह, रोशन लाल साहू, पप्पू कुमार सिंह और विजय मेनन शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई कार (CG 07 CP 6008), एक मोटरसाइकिल और हमला करने में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इस पूरे मामले का एक फोटो चर्चा का विषय बन गया। पुलिस जब गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने से पहले थाने के बाहर खड़ा कर उनकी तस्वीरें खींच रही थी, तब आरोपी बेफिक्र अंदाज में हंसते हुए नजर आए। ऑफिस में बुलाकर मारपीट
दीपक नगर निवासी विनय कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है। विनय ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी विक्की सिंह का फोन आया था। उसने कहा कि अपने जीजा नरेंद्र सिंह के साथ शनिवार को देवभूमि लेआउट आ जाओ, जमीन के पुराने हिसाब-किताब की बात खत्म करनी है। इस पर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे विनय अपने जीजा नरेंद्र सिंह और साथी रूपेश यादव के साथ वहां पहुंचे। जैसे ही तीनों देवभूमि लेआउट कार्यालय पहुंचे, वहां पहले से मौजूद आरोपी गाली-गलौज करने लगे। कुछ ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान विजय मेनन ने धारदार हथियार से नरेंद्र सिंह पर हमला कर दिया। हमले में नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। आरोपियों ने विनय और उसके साथी के साथ भी मारपीट की और उन्हें घायल हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुराने अपराधी हैं सभी आरोपी
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी राजेश सिंह उर्फ राजेश बिहारी और विजय मेनन दोनों लिस्टेड गुंडा बदमाश हैं। इनके उपर अलग-अलग थानों में विभिन्न अपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जमीन की खरीदी-बिक्री के लेन-देन और पुराने हिसाब-किताब को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर पीड़ित पक्ष को बुलाया और फिर उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
Source link
हिसाब-किताब के नाम पर बुलाया, फिर चाकू से किया हमला:दुर्ग में लिस्टेड बदमाशों ने ठेकेदार को किया अधमरा, थाने के बाहर हंसते हुए खिंचवाई फोटो
