बठिंडा के परसराम नगर में एक घर पर ईंट-पत्थर से हमला करते हुए युवक।
बठिंडा के परसराम नगर की गली नंबर 12-6 में दिनदहाड़े गुंडागर्दी का मामला सामने आया। छह मोटरसाइकिल और एक्टिवा पर सवार 20 से ज्यादा युवक हथियारों और ईंट-पत्थरों से लैस होकर गली में पहुंचे और एक घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने घर पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए
.
इसके बाद गली में ललकारे मारते हुए सभी आरोपी वाहनों पर सवार होकर फरार हो गए। पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पहले कार का शीशा तोड़ा, अगले दिन घर पर हमला
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों और दूसरे गुट के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले इसी इलाके में कुछ युवकों ने तेजधार हथियार लहराते हुए हमला किया था। इस दौरान गड़ासे समेत अन्य हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई थी।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। इसी रंजिश के चलते 25 सितंबर की रात भी कुछ युवक वाहनों पर सवार होकर परसराम नगर की गली नंबर 12-6 में पहुंचे थे। उनके हाथों में हथियार थे, लेकिन जिन युवकों से उनकी रंजिश थी, वे मौके पर नहीं मिले। इसके बाद आरोपियों ने गली में खड़ी एक कार का शीशा तोड़ दिया और वहां से फरार हो गए।

बठिंडा के परसराम नगर में एक घर पर ईंट-पत्थर से हमला करते हुए युवक।
24 घंटे में फिर लौटे, घर को बनाया निशाना
मोहल्ले के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और थाना कैनाल कॉलोनी को दी। पुलिस टीम और पीसीआर ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और जांच शुरू की।
पुलिस की जांच चल ही रही थी कि अगले दिन 26 सितंबर को आरोपी दोबारा उसी इलाके में पहुंच गए। इस बार उनके हाथों में ईंट-पत्थर और तेजधार हथियार बताए जा रहे हैं। आरोपियों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया। हमले में घर का दरवाजा तक टूट गया।
हमले के बाद आरोपी गली में ललकारे मारते हुए फरार हो गए। वारदात की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हथियार लेकर बड़ी संख्या में युवक खुलेआम इलाके में घूम रहे थे तो पुलिस की गश्त और नाकाबंदी पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
आगे जाकर 3 युवकों को घेरा, मारपीट कर किया घायल
घर पर हमला करने के बाद आरोपी परसराम नगर की गली नंबर 29 में पहुंचे। वहां उन्हें तीन युवक मिल गए, जिनके साथ उनकी रंजिश बताई जा रही है। आरोपियों ने गुरदेव सिंह, दीपू सिंह निवासी विश्वकर्मा वाली गली और शाम कुमार निवासी गली नंबर 7, गोपाल नगर को घेर लिया।
इसके बाद तीनों युवकों के साथ मारपीट की गई। हमले में तीनों घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसायटी की टीम मौके पर पहुंची। संस्था की टीम ने घायल गुरदेव सिंह, दीपू सिंह और शाम कुमार को सिविल अस्पताल बठिंडा पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।

हमलाद कर तोड़ा गया घर का दरवाजा।
सीसीटीवी में कैद वारदात, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घर पर हुए हमले की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। फुटेज में बड़ी संख्या में युवक वाहनों पर आते और वारदात के बाद वहां से निकलते दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस का पक्ष
थाना कैनाल कॉलोनी के प्रभारी के अनुसार, घायल युवकों के बयान दर्ज किए जाएंगे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और आरोपियों की पहचान होने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
