- Hindi News
- Jeevan mantra
- Jyotish
- Aaj Ka Rashifal (Horoscope Today)| Daily Rashifal Sunday (2 August 2026), Daily Zodiac Forecast: Singh Rashi, Kanya, Aries, Taurus, Gemini Cancer Libra, And Other Signs
23 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रविवार, 2 अगस्त को मेष राशि वालों के घर की मरम्मत से जुड़े काम पूरे हो सकते हैं। वृष राशि वालों के विदेश जाने की रुकावट दूर होगी। मिथुन राशि वालों के लिए दोपहर बाद का समय अच्छा रहेगा। कर्क राशि के लोग लव पार्टनर के साथ लॉन्ग ड्राइव पर जा सकते हैं।
सिंह राशि वालों के घर धार्मिक कार्यक्रम की योजना बनेगी। कन्या राशि के लोगों की इनकम बेहतर होगी। तुला राशि वालों की प्रॉपर्टी डील फायदेमंद हो सकती है। वृश्चिक राशि की महिलाओं को नए संपर्कों से फायदा होगा।
धनु राशि वालों को परिवार के बड़े सदस्य से उपहार मिल सकता है। मकर राशि वालों की बड़ी बिजनेस डील होने के योग हैं। कुंभ राशि के लोगों को पुरानी बेचैनी से राहत मिलेगी। मीन राशि वाले परिवार के साथ शॉपिंग में अच्छा समय बिताएंगे।
एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन

मेष – पॉजिटिव- पिछले कुछ समय से चल रही परेशानियों से राहत मिलेगी। घर की मरम्मत या बदलाव की योजना चल रही है, तो अब उस पर काम शुरू हो सकता है। मेहनत के अनुसार अच्छे नतीजे मिलेंगे। नेगेटिव- लोगों से गुस्से के बजाय प्यार से बात करें। इससे मनमुटाव आसानी से खत्म हो सकता है। गैर जरूरी कामों में समय बर्बाद न करें और अपने काम पर ध्यान रखें। आज यात्रा टालना बेहतर होगा।
व्यवसाय- घर और कार्यस्थल दोनों जगह व्यस्तता रहेगी। कर्मचारियों की मदद से काम व्यवस्थित तरीके से चलते रहेंगे। इससे अपने लिए भी कुछ समय निकाल पाएंगे। नौकरीपेशा लोग अपना टारगेट पूरा करने में सफल होंगे। लव- परिवार का माहौल खुशनुमा रहेगा। अविवाहित लोगों को अच्छे रिश्ते से जुड़ी खबर मिल सकती है। स्वास्थ्य- सेहत अच्छी रहेगी। ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की नियमित जांच कराते रहें। भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 1

वृष – पॉजिटिव- अपने संपर्क मजबूत करें। इनकी मदद से कोई उपलब्धि मिल सकती है। सामाजिक गतिविधि में आपके योगदान से पहचान और सम्मान बढ़ेगा। विदेश जाने की कोशिश कर रहे लोगों की रुकावटें दूर होंगी। नेगेटिव- जरूरत से ज्यादा खर्च और समय की बर्बादी परेशानी बढ़ा सकती है। दिखावा करने से बचें और सहज रहें। करीबी रिश्तेदार से बेकार के विवाद में न पड़ें। परिवार के लिए भी समय निकालें।
व्यवसाय- बिजनेस या नौकरी में बदलाव अथवा ट्रांसफर की स्थिति बन सकती है। यह बदलाव आपके लिए फायदेमंद रहेगा। शेयर मार्केट और ज्यादा जोखिम वाले कामों से बचें। किसी के धोखा देने की आशंका है। लव- परिवार की छोटी नकारात्मक बातों को नजरअंदाज करें। इससे रिश्ते अच्छे रहेंगे। लव पार्टनर को कोई उपहार दे सकते हैं। स्वास्थ्य- आसपास के माहौल को देखते हुए सेहत में लापरवाही न करें। थोड़ी सावधानी रखने से स्वास्थ्य ठीक रहेगा। भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 6

मिथुन – पॉजिटिव- दिन की शुरुआत में ही जरूरी कामों की योजना बना लें। दोपहर बाद परिस्थितियां आपके पक्ष में रहेंगी। इस अच्छे समय का सही इस्तेमाल करें। घर की मरम्मत या बदलाव को लेकर भी बातचीत होगी। नेगेटिव- बेकार के कामों में समय बिताने के बजाय अपने काम पर ध्यान दें। समय के अनुसार व्यवहार और जीवनशैली में बदलाव करना जरूरी है। विद्यार्थी सोशल मीडिया और गैर जरूरी बातों के कारण पढ़ाई में लापरवाही कर सकते हैं।
व्यवसाय- बिजनेस में आलस या लापरवाही से परेशानी आ सकती है। योजना बनाकर काम पूरे करें। ऑफिस के जरूरी कागज व्यवस्थित और पूरे रखें। सरकारी नौकरी कर रहे लोगों को खास अधिकार या जिम्मेदारी मिल सकती है। लव- वैवाहिक जीवन में किसी बाहरी व्यक्ति को दखल न देने दें। परिवार का मामला आपस में बैठकर सुलझाएं। स्वास्थ्य- ज्यादा भागदौड़ के कारण थकान और कमजोरी हो सकती है। आराम के लिए भी समय निकालें। भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 4

कर्क – पॉजिटिव- खास लोगों से मिलने का मौका मिलेगा और काम की नई जानकारियां मिलेंगी। योजना बनाकर अपने काम व्यवस्थित करें। युवाओं को मेहनत के अनुसार अच्छे नतीजे मिलेंगे। कोई समस्या भी सुलझ सकती है। नेगेटिव- सावधान रहें, आपकी कोई निजी बात दूसरों को पता चल सकती है। दूसरों की समस्याओं में उलझने के बजाय अपने काम पर ध्यान दें। पुरानी नकारात्मक बातों का असर वर्तमान पर न पड़ने दें। पेमेंट रुकने से परेशानी हो सकती है।
व्यवसाय- बिजनेस बढ़ाने की योजनाओं पर काम शुरू होगा। विरोधी आपको लक्ष्य से भटकाने की कोशिश कर सकते हैं। अपने काम पर ध्यान बनाए रखने से सफलता मिलेगी। नौकरी में लंबे समय से रुका प्रोजेक्ट आगे बढ़ सकता है। लव- वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा और परिवार के साथ खुशी का समय बीतेगा। लव पार्टनर के साथ लॉन्ग ड्राइव पर जाने का मौका मिल सकता है। स्वास्थ्य- घर के किसी बड़े सदस्य की सेहत का खास ध्यान रखें। स्वास्थ्य से जुड़ी अच्छी आदतों को दिनचर्या में शामिल करें। भाग्यशाली रंग- क्रीम, भाग्यशाली अंक- 9

सिंह – पॉजिटिव- घर में धार्मिक या शुभ कार्यक्रम की योजना बनेगी। आपका सरल और विनम्र व्यवहार व्यक्तित्व को बेहतर बनाएगा। लक्ष्य पर पूरा ध्यान रखकर आगे बढ़ेंगे और सफलता भी मिलेगी। नेगेटिव- किसी पर जरूरत से ज्यादा भरोसा न करें। धोखा मिलने की आशंका है। वाहन सावधानी से चलाएं, क्योंकि चोट लग सकती है। आर्थिक स्थिति में अभी ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
व्यवसाय- बिजनेस में कुछ चुनौतियां बनी रहेंगी। व्यवस्था बनाए रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी होगी। धैर्य रखें और कर्मचारियों के काम पर नजर बनाए रखें। ऑफिस का माहौल शांत रहेगा। लव- पति-पत्नी के बीच प्यार और खुशियां बढ़ेंगी। दोस्तों से मुलाकात होने पर भी खुशी मिलेगी। स्वास्थ्य- सेहत अच्छी रहेगी। प्रदूषण से अपना बचाव रखें। भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 2

कन्या – पॉजिटिव- दिन काफी व्यस्त रहेगा, लेकिन काम आसानी से पूरे होते जाएंगे। महिलाओं के लिए दिन खास तौर पर सुकून देने वाला रहेगा। आपका रहन-सहन और बोलने का तरीका लोगों को प्रभावित करेगा। नेगेटिव- बिना किसी वजह के आरोप या बदनामी जैसी स्थिति बन सकती है। दूसरों की निजी बातों से दूरी रखें। मन की शांति के लिए किसी शांत या धार्मिक जगह पर समय बिताएं।
व्यवसाय- इनकम के साधन बेहतर होंगे। कार्यस्थल पर ज्यादातर काम बिना रुकावट पूरे होंगे। सरकारी नौकरी कर रहे लोगों को खास जिम्मेदारी मिल सकती है। पूरी ईमानदारी से काम करें, क्योंकि प्रमोशन के मौके बने हुए हैं। लव- किसी पुराने दोस्त से मुलाकात होने पर खुशी मिलेगी। पुरानी अच्छी यादें भी ताजा होंगी। स्वास्थ्य- गैस और बदहजमी के कारण दिनचर्या बिगड़ सकती है। हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन करें। भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 8

तुला – पॉजिटिव- प्रॉपर्टी से जुड़ा कोई मामला उलझा हुआ है, तो फैसला आपके पक्ष में हो सकता है। घर में शुभ काम की योजना बनेगी और रिश्तेदारों का आना-जाना रहेगा। कोई फैसला लेने से पहले अपने मन की बात पर भी ध्यान दें। नेगेटिव- यात्रा कर रहे हैं, तो सामान और खानपान का खास ध्यान रखें। घर के किसी सदस्य का जिद्दी व्यवहार परेशानी पैदा कर सकता है। घर में अनुशासन बनाए रखें। पैसों के लेन-देन में जल्दबाजी न करें।
व्यवसाय- कार्यस्थल पर काम ज्यादा रहेगा। जल्दबाजी के बजाय सावधानी से काम करें। फायदा कम और खर्च ज्यादा हो सकता है। रियल एस्टेट से जुड़े लोगों की फायदेमंद डील होगी। ऑफिस का माहौल शांत रहेगा। लव- घर का माहौल संतुलित रखने की आपकी कोशिश सफल होगी। शाम को डिनर या मनोरंजन की योजना बन सकती है। लव पार्टनर से मुलाकात होगी। स्वास्थ्य- खानपान में लापरवाही से पाचन बिगड़ सकता है। भोजन और दिनचर्या व्यवस्थित रखें। भाग्यशाली रंग- बादामी, भाग्यशाली अंक- 1

वृश्चिक – पॉजिटिव- दिन काफी भागदौड़ वाला रहेगा, लेकिन मेहनत के अनुसार नतीजे भी मिलते जाएंगे। भावनाओं के बजाय समझदारी से काम लें। महिलाओं के लिए समय अच्छा है। नए संपर्क बनेंगे और उनसे फायदा भी होगा। नेगेटिव- सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानी से करें। छोटी गलती भी परेशानी खड़ी कर सकती है। अपनों पर बेवजह शक न करें और खर्चों पर नियंत्रण रखें। अपनी क्षमता से ज्यादा काम लेने से बहुत थकान हो सकती है। गैर जरूरी काम टाल दें।
व्यवसाय- पूरी मेहनत से काम करने पर बिजनेस में फायदा बढ़ेगा। नौकरी या बिजनेस करने वाली महिलाएं अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह निभाएंगी। नौकरीपेशा लोगों को काम संभालने का तरीका बेहतर करना होगा। बड़े अधिकारियों की सलाह मददगार रहेगी। लव- घर के कामों में सहयोग देने और सभी का ध्यान रखने से परिवार का माहौल सुखद रहेगा। स्वास्थ्य- एलर्जी या दूसरी स्वास्थ्य परेशानी हो सकती है। शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता बेहतर रखने के लिए योग और प्राणायाम करें। भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 5

धनु – पॉजिटिव- दिनभर व्यस्तता रहेगी। योजना बनाकर काम करने से सफलता मिलेगी। आपका ध्यान निजी और पारिवारिक कामों पर रहेगा। घर के किसी बड़े सदस्य से उपहार मिल सकता है। नेगेटिव- जरूरी फैसला जल्दबाजी में न लें और अपनी बनाई योजना के अनुसार काम करें। कुछ लोग जलन के कारण परेशानी पैदा कर सकते हैं। उनकी बातों पर ध्यान देने के बजाय अपने काम में व्यस्त रहें।
व्यवसाय- बिजनेस में काम करने का तरीका बदलना होगा। भावनाओं के बजाय समझदारी से फैसला लें। आपके सरल और शांत स्वभाव का कोई गलत फायदा उठा सकता है। ऑफिस में ज्यादा काम होने से तनाव रहेगा। लव- परिवार का कोई महत्वपूर्ण काम आपके मार्गदर्शन में पूरा होगा। पति-पत्नी के बीच अच्छा तालमेल रहेगा। स्वास्थ्य- बदहजमी और पेट खराब होने की परेशानी हो सकती है। बाहर का खाना खाने से बचें। भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 6

मकर – पॉजिटिव- ग्रह स्थिति आपके पक्ष में है। मौजूदा काम योजना बनाकर करेंगे, तो सफलता मिलेगी। भविष्य से जुड़ी योजना पर भी विचार होगा। युवाओं को मेहनत के अनुसार अच्छे नतीजे मिलेंगे। धार्मिक जगह पर जाने की योजना बन सकती है। नेगेटिव- सामाजिक गतिविधियों में भी समय दें। निजी कामों की व्यस्तता के कारण दोस्तों और रिश्तेदारों को नजरअंदाज न करें। आलस के कारण युवाओं की काम करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। पैसों के लेन-देन में रुकावट आएगी।
व्यवसाय- बिजनेस में अभी कोई बड़ा बदलाव या नया फैसला न लें। मौजूदा काम पर ध्यान दें। किसी प्रभावशाली पार्टी के साथ बहुत बड़ी डील हो सकती है। लोगों से सीधे जुड़े कामों में भी मुनाफा होगा। लव- परिवार के साथ समय बिताने से ताजगी मिलेगी। किसी पुराने दोस्त से मुलाकात होने पर पुरानी यादें ताजा होंगी। स्वास्थ्य- पाचन की परेशानी से बचने के लिए गलत खानपान न करें। एक्सरसाइज के लिए भी समय निकालें। भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 8

कुंभ – पॉजिटिव- दिन सुखद रहेगा। लंबे समय से चल रही उलझन और बेचैनी से राहत मिलेगी। दोबारा ऊर्जा जुटाकर अपने काम पर ध्यान दे पाएंगे। समय का सही इस्तेमाल करने से परिस्थितियां बेहतर होंगी। नेगेटिव- खुद को समझने के लिए भी समय निकालें। भावनाओं में आकर बार-बार विचार बदलना परेशानी का कारण बन सकता है। जरूरी सामान और दस्तावेज संभालकर रखें।
व्यवसाय- कर्मचारियों के सहयोग से कार्यस्थल की व्यवस्था अच्छी रहेगी। मार्केटिंग और मीडिया से जुड़े नए अवसर मिल सकते हैं। मशीनरी के बिजनेस में परेशानी आ सकती है। मौजूदा बिजनेस के साथ दूसरे क्षेत्रों पर भी ध्यान देना होगा। लव- पारिवारिक गतिविधियों में शामिल रहें। इससे संबंध अच्छे बने रहेंगे। विवाह के बाहर के संबंध से दूर रहें। स्वास्थ्य- ब्लड प्रेशर और डायबिटीज वाले लोग अपना खास ध्यान रखें। काम करने का तरीका और दिनचर्या व्यवस्थित रखना जरूरी है। भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 3

मीन – पॉजिटिव- नई तकनीकी जानकारी मिलने से कई समस्याओं का समाधान होगा। परिवार के साथ घर की सुविधा से जुड़ी चीजों की खरीदारी में अच्छा समय बीतेगा। खर्च ज्यादा होगा, लेकिन परिवार की खुशी से संतुष्टि मिलेगी। नेगेटिव- मनमर्जी और जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास के कारण धोखा हो सकता है। फोन और दोस्तों के साथ घूमने में समय और पैसा बर्बाद न करें। योजना पर जरूरत से ज्यादा सोचने के बजाय समय पर काम शुरू करें।
व्यवसाय- बिजनेस में काम करने का तरीका बदलना होगा। लोगों से संपर्क और बेहतर बनाएं। इससे काम और कमाई के नए रास्ते बनेंगे। किसी राजनीतिक व्यक्ति की मदद से काम पूरा हो सकता है। नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन मिलने के योग हैं। लव- पति-पत्नी के बीच गलतफहमी के कारण तनाव हो सकता है। परिवार का माहौल बेहतर बनाने के लिए मनोरंजन और शॉपिंग की योजना बनाएं। स्वास्थ्य- एक्सरसाइज और योग नियमित करें। गर्दन और मांसपेशियों का पुराना दर्द दोबारा बढ़ सकता है। भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 2

