![]()
हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार को दिनदहाड़े एक निजी स्कूल में घुसकर एक युवक ने लेडी टीचर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी के खिलाफ कुछ दिन पहले लेडी टीचर ने छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराई थी। उस वक्त को आरोपी ने सबके सामने माफी मांग ली थी। मगर, इस बात से वह लेडी टीचर से रंजिश रखने लगा था। सोमवार को युवक स्कूल में घुसा और लेडी टीचर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक लेडी टीचर पर लगातार वार करता दिखाई दे रहा है। टीचर बचने की कोशिश करती है, लेकिन वह उसे पकड़कर चाकू मारता ही जा रहा है। बचने के चक्कर में टीचर जमीन पर गिर जाती है, लेकिन आरेापी उसके ऊपर बैठकर वार करता रहता है। वीडियो में दिख रहा है कि एक व्यक्ति उसे बचाने के लिए आगे बढ़ता है, लेकिन हमलावर उसे गालियां देकर पीछे हटा देता है। टीचर के छाती, पेट, गले और चेहरे पर करीब 34 वार करता है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। स्कूल में सरेआम हुई इस वारदात से स्कूल में दहशत मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शाम को पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया, जिससे पूछताछ की जा रही है। लेडी टीचर की हत्या के वक्त के PHOTOS… यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… प्रत्यक्षदर्शी स्कूल संचालक तेजपाल ने बताया आंखों देखा हाल… “टीचर संध्या हमारे स्कूल में लगभग 1 साल से पढ़ाती थी। सोमवार सुबह लगभग 9:30-9:35 के करीब मैं ऑफिस में बैठा हुआ था। अचानक मुझे बाहर गैलरी से चीखने की आवाज आई। मैं वहां भाग कर गया तो देखा कि संध्या नीचे पड़ी हुई थी और एक बंदा उस पर बार-बार चाकू से वार करे जा रहा था। इस पर मैंने युवक को धमकाने की कोशिश की कि अरे क्या कर रहा है रुक जा, तो वो मेरी तरफ भी चाकू लेके दौड़ा। फिर मैं ऐसा कुछ ढूंढने लगा, जिससे उसके ऊपर अटैक कर सकूं, तब तक वो हमला करके जा चुका था। हमला करने वाला बंदा एक ही था। बिना नंबर की कोई बाइक थी उसकी, वो बाहर ही खड़ी थी। गेट के अंदर वो अकेला ही आया था। वारदात के बाद मैंने पुलिस को इन्फॉर्म किया और तुरंत ही घायल संध्या को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। युवक करीब 30 साल का रहा होगा। उसने नकाब लगाया हुआ था। मेरे ख्याल से 20-25 चाकू कम से कम मारे होंगे युवक ने संध्या पर। गर्दन पे मेन वार किया। युवक बाहर का ही था। स्कूल में एंट्री के वक्त जैसे बुला लेते हैं कि भाई फलाने आदमी को बुलवा दो, इस तरीके से उसने कहकर संध्या को बुलवाया है कि ‘संध्या मैडम को बुलवा दो’…। असल क्या है बाहर रोड का काम चल रहा है मेंटेनेंस का, तो लोग कई बार नकाब लगा के आते हैं, वो लगा के आते हैं कि धूल-मिट्टी से बचने के लिए। तो ये नैचुरल है। उसने आते ही कहा कि ‘संध्या मैडम को बुलवा दीजिए’ और वो आराम से खड़ा हो गया। जब मैडम आईं तो एकदम उन्होंने उसके ऊपर अटैक कर दिया।” आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, अरेस्ट किया गया घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने टीचर संध्या की मौत की पुष्टि की। बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि संध्या ने इस युवक अमित के खिलाफ पहले छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराई थी। युवक ने उस समय इससे माफी मांग ली थी। संभवत: इसी रंजिश में अब यह हत्या की गई है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे अरेस्ट कर लिया गया है। पुलिस टीम उससे पूछताछ कर रही है।
Source link
34 बार चाकू घोंपकर लेडी टीचर का मर्डर,VIDEO:फरीदाबाद में स्कूल में घुसा नकाबपोश युवक, छाती-गला, चेहरा बुरी तरह काटा; छेड़छाड़ की शिकायत दी थी
