Headlines

805 ग्राम अफीम के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार:2 लाख रुपए, कार और कई नंबर प्लेट भी बरामद




हनुमानगढ़ जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत संगरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 805 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अफीम बिक्री के 2 लाख रुपए नकद और एक कार भी बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त, उनके पास से अलग-अलग वाहनों की नंबर प्लेट भी मिली हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। संगरिया पुलिस टीम गश्त के दौरान संगरिया कस्बे में कार सवार संदिग्धों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से 805 ग्राम अवैध अफीम और 2 लाख रुपए की बिक्री राशि मिली। पुलिस ने कार एचआर 26 ईडी 8065 को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार सैनी (46) पुत्र रामकुमार नाई और जयंत कुमार (20) पुत्र संदीप कुमार नाई के रूप में हुई है। ये दोनों वार्ड नंबर 26, संगरिया के निवासी हैं और आपस में पिता-पुत्र हैं। पुलिस के अनुसार, ये दोनों नशे की तस्करी में संलिप्त पाए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण संख्या 419/2026 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थाना तलवाड़ा प्रभारी उप निरीक्षक राजपाल सिंह को सौंपी गई है। आरोपियों के कब्जे से मिली अलग-अलग वाहनों की नंबर प्लेट के संबंध में भी पूछताछ और जांच जारी है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, हेड कॉन्स्टेबल महंगा सिंह, प्रदीप कालवी और कॉन्स्टेबल सुखबीर सिंह शामिल रहे। अभियान में जिला विशेष टीम सेक्टर हनुमानगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *