![]()
झुंझुनूं में परमवीर चक्र विजेता हवलदार मेजर पीरू सिंह के 78वें शहादत दिवस पर हुए शौर्य समारोह में देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को नमन किया गया। जिले के शहीद स्मारक पर हुए समारोह में प्रशासनिक व सैन्य अधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही कहा कि मेजर पीरू सिंह का साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा मार्गदर्शक बना रहेगा। इस मौके पर 51 वीरांगनाओं को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा वीर चक्र विजेता कैप्टन अयूब खान के परिजनों को भी मंच पर विशेष सम्मान दिया गया, जिससे झुंझुनूं की गौरवशाली सैन्य परंपरा फिर से जीवंत हो उठी। इस मौके पर पीरू सिंह के पोते और सीएमएचओ भूपेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि परिवार को सम्मान मिलना गौरव की बात है, लेकिन राजस्थान के पहले परमवीर चक्र विजेता का गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है और स्कूल में शहीद के नाम की पट्टिका तक सुरक्षित नहीं है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए, जिससे शहीद के गांव का भी समुचित विकास हो सके। जिला कलेक्टर डॉ. गर्ग ने कहा कि इन वीर परिवारों के साथ संवाद करना गर्व की बात है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रप्रेम की भावना को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। ‘शौर्य उद्यान’ और ‘शौर्य पार्क’ बनाने का प्रस्ताव
पूर्व आईएएस राजेंद्र सिंह शेखावत ने युवाओं से कहा कि आज का युग तकनीक का है। भारतीय सेना में भी बहुत से पद डिजिटल हैं, इसलिए युवाओं को भी खुद को उसी अनुरूप ढालना चाहिए। उन्होंने झुंझुनूं में ‘शौर्य उद्यान’ और ‘शौर्य पार्क’ बनाने का विचार रखा, जिससे शहीदों की यादें सहेज कर रखी जा सकें। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, एसपी कावेंद्र सिंह सागर, एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत, पूर्व आईएएस राजेन्द्र सिंह शेखवात, कर्नल शौकत खान, उमेद खां, यशवर्धन सिंह शेखवात सहित अन्य अतिथि और अधिकारी मौजूद रहे। संकल्प हर साल मनेगा यह गौरव दिवस
पीसीसी प्रवक्ता यशवर्धन सिंह शेखवात ने कार्यक्रम के अंत में संकल्प दोहराया कि मेजर पीरू सिंह की स्मृति को अक्षुण्ण रखने के लिए अब हर साल इसी भव्यता के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के शहीद परिवारों, पूर्व सैनिकों, और स्काउट गाइड के बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। अब देखिए तस्वीरें
Source link
CMHO बोले- परमवीर-चक्र विजेता का गांव सुविधाओं को तरस रहा:झुंझुनूं में मेजर पीरू सिंह का 78वां शहादत दिवस मनाया; 51 वीरांगनाओं को भी किया सम्मानित
