Headlines

लूट करने वाला गैंग पकड़ाया, काम से लौट रहे युवकों पर चाकू से हमला



भास्कर न्यूज | जांजगीर नेशनल हाईवे-49 पर राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का सारागांव पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, दो मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। घटना 16 जुलाई की शाम 7 से 8 बजे के बीच की है। खोखरा निवासी अशोक लाठिया अपने साथी के साथ बढ़ई का काम खत्म कर घर लौट रहे थे। रास्ते में वे एनएच-49 स्थित अंजली फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए रुके। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवक उन पर नजर बनाए हुए थे। पेट्रोल पंप से निकलने के बाद बदमाशों ने बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया और कुछ दूरी पर उनकी बाइक के आगे अपनी गाड़ी अड़ाकर रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने धारदार चाकू से दोनों दोस्तों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। बदमाश उनकी जेब से 5 हजार रुपए नकद और दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घायल युवकों ने किसी तरह थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।जांच के दौरान पुलिस ने सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र के डेरागढ़ निवासी महेन्द्र कुमार धारिया (23) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक और लूटा गया एक मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी पेट्रोल पंप से ही राहगीरों की रेकी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपी में महेन्द्र कुमार धारिया, निवासी डेरागढ़, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती, सूर्यकांत बरेठ, निवासी डेरागढ़, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती, एक नाबालिग (विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक) शामिल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *