Headlines

दुकान के आगे रिक्शा लगाने पर चालक की हत्या:सीतामढ़ी में 4 लोगों ने मिलकर पीटा, पुलिस ने 2 को किया गिरफ्तार




सीतामढ़ी में दुकान के आगे रिक्शा लगाने पर चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना शहर के गुदड़ी बाजार स्थित धर्मशाला गली में राज लक्ष्मी लहटी चूड़ी दुकान के सामने हुई। मृतक की पहचान मेहसौल निवासी जमील अख्तर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुकान के सामने रिक्शा लगाने को लेकर जमील अख्तर और दुकानदार पक्ष के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि राजा कुमार, बिट्टू कुमार, सोनू कुमार (तीनों पिता प्रहलाद) तथा प्रहलाद ने मिलकर जमील अख्तर की बेरहमी से पिटाई की। मारपीट में गंभीर रूप से घायल जमील अख्तर को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। 4 लोगों ने मिलकर की थी पिटाई मृतक के परिजन अफजल राणा ने बताया कि शुक्रवार रात पिता-बेटा सहित चार लोगों ने जमील अख्तर की पिटाई की, जिससे वे बेहोश हो गए। अगले दिन दुकानदार ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। मौत से पहले मृतक ने आरोपियों की दुकान पर जाकर उनकी शिनाख्त भी की थी। घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी राजीव कुमार सिंह, नगर थाना और मेहसौल थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि नामजद चार आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दुकान के आगे रिक्शा लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट की बात सामने आई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *