![]()
बिलासपुर में सरकंडा पुलिस ने तीन लाख रुपये की नकबजनी के मामले में एक चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी हुए ढाई लाख रुपये नगद सहित पूरा सामान बरामद कर लिया है। यह चोरी सरकंडा स्थित हर्ष किंगडम के सामने एक किराना दुकान में हुई थी, जहां पीछे के दरवाजे का कुंडा उखाड़कर वारदात को अंजाम दिया गया था। चिंगरापारा निवासी आशीष साहू (43) ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई की रात करीब 10 बजे से अगले दिन सुबह 9 बजे के बीच उनकी गोपाल किराना दुकान में चोरी हुई। अज्ञात चोर ने दुकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। पैन कार्ड, आधार कार्ड दस्तावेज भी चुराए चोर ने दुकान के गल्ले से 2.50 लाख रुपये नगद, सैमसंग कंपनी की स्मार्ट वॉच, इयरफोन, चांदी के सिक्के और मूर्तियां चुरा लीं। इसके अतिरिक्त, पैन कार्ड, आधार कार्ड और आरसी बुक जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी चोरी हो गए। कुल मिलाकर लगभग 3 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ था। आशीष साहू की रिपोर्ट पर सरकंडा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी सरकंडा प्रदीप आर्य के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अशोक नगर शिव मंदिर के पास रहने वाले शुभम यादव के पास चोरी का सामान है। 24 घंटे के अंदर पकड़ा गया आरोपी पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर 24 वर्षीय संदेही शुभम यादव को उसके घर से हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी शुभम यादव ने नशे की हालत में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गोपाल किराना स्टोर में ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी हुआ शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया। शुभम यादव को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Source link
बिलासपुर में नकबजनी का आरोपी पकड़ा गया:ढाई लाख नगद सहित तीन लाख का सामान बरामद, जेल भेजा
