Headlines

प्रेम-प्रसंग विवाद के बाद युवक ने खुद को मारी गोली:भिंड में पड़ोसी के घर कट्टे से किया आत्महत्या का प्रयास, गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर




भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के निवारी गांव में सोमवार शाम प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद एक युवक ने पड़ोसी के घर पहुंचकर खुद को कट्टे से गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अटेर थाना पुलिस के अनुसार, गौरव पिता ब्रजकिशोर (विजय किशोर) शर्मा (20) निवासी निवारी ने शाम करीब 5:30 बजे अपने पड़ोसी रामनरेश शर्मा के घर पहुंचकर कट्टे से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो गौरव लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आई
सूचना मिलते ही अटेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। अटेर थाना प्रभारी महेश शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गौरव का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर पड़ोसी परिवार से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद युवक गुस्से में पड़ोसी के घर पहुंचा और खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में प्रयुक्त कट्टा जब्त कर लिया गया है। लेनदेन को लेकर तनाव में होने का भी संदेह
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। युवती और दोनों परिवारों के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। घायल गौरव शर्मा के ताऊ उमाशंकर शर्मा ने बताया कि गौरव ने एक साल पहले पड़ोसी सोनू शर्मा को ढाई लाख रुपए उधार दिए थे। सोमवार को रुपए मांगने पर उसे कथित रूप से धमकी दी गई। इसी तनाव में आकर गौरव ने खुद को कट्टे से गोली मार ली।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *