![]()
यूपी एटीएस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के एजेंट के सीधे निर्देश पर देश विरोधी और आतंकी गतिविधियों में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया है। एटीएस यूपी को सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के आतंकी नेटवर्क द्वारा भारतीय युवाओं को आर्थिक लाभ का लालच देकर सोशल मीडिया के जरिए स्लीपर सेल बनाने और आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की साजिश रची जा रही है। इसी सिलसिले में बलरामपुर जिले के ग्राम जमधरा, थाना गैसड़ी निवासी 29 वर्षीय शहरोज अहमद को गिरफ्तार किया गया है। एटीएस के प्रवक्ता ने बताया कि अभियुक्त शहरोज अक्टूबर 2025 में फेसबुक पर पाकिस्तानी एजेंट जसवीर चौधरी जो ISI के लिए काम करता है, से जुड़ा है। जसवीर ने फेसबुक पर हिम्मत और जिगर वाले शूटरों की जरूरत बताई थी, जिस पर शहरोज ने कमेंट किया। इसके बाद बातचीत व्हाट्सएप, मेसेंजर और एन्क्रिप्टेड ऐप सिग्नल पर शुरू हो गई। जसवीर ने शहरोज को आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाया और राजस्थान के श्रीगंगानगर जाकर हथियार एवं विस्फोटक सामग्री लेने का निर्देश दिया। शहरोज मुंबई में रहता था और दो दिन पहले ही गांव आया था। जसवीर ने शहरोज के खाते में इन गतिविधियों के लिए पांच हजार रुपये भी भेजे थे।
Source link
भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल युवक को एटीएस ने दबोचा:पाकिस्तानी एजेंट जसवीर चौधरी से जुड़ा था शहरोज अहमद
