भास्कर न्यूज | फाजिल्का भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप गांव बारेका के पास से गुजरती नहर में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। शव की स्थिति और शरीर पर मौजूद चोट के निशान किसी गहरी साजिश और जघन्य हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारी शमनदीप सिंह ने बताया कि नहर के पुल के नीचे फंसे शव को नर सेवा नारायण सेवा सोसाइटी के वालंटियर्स की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाल रही है ताकि मृतका के परिजनों का पता लगाया जा सके। मौके पर मौजूद जांचकर्ताओं के अनुसार, महिला के गले में दुपट्टा कसकर बंधा होना और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान होना यह साबित करता है कि उसे बेरहमी से मौत के घाट उतारा गया है। कातिलों ने शायद सबूत मिटाने की नियत से ही शव को नहर में फेंक दिया। सोसाइटी के सेवादार सोनू ग्रोवर ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद उनकी टीम मौके पर पहुंची और शव को पुलिस की निगरानी में सरकारी अस्पताल की मोर्चरी तक पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सटीक कारणों और महिला की पहचान की दिशा में ठोस जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल, इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है।
Source link
बारेका के पास नहर में तैरता मिला अज्ञात महिला का शव
