![]()
सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े युवक को गोली मार दी। गोली युवक के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल युवक का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घायल की पहचान सुपौल के गौरवगढ़ निवासी भूमि यादव के बेटे कुंदन कुमार यादव(22) के रूप में हुई है। परिजन के अनुसार कुंदन अपनी मौसी के घर झड़का आया हुआ था। मंगलवार सुबह वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पिपरा रोड स्थित बाबू साहब पेट्रोल पंप से पूरब पुल के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे उसके सीने में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों ने घायल को पहुंचाया अस्पताल गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। राहगीरों की मदद से गंभीर रूप से घायल कुंदन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, किशनपुर पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में भी चिकित्सकों ने बेहतर इलाज की जरूरत बताते हुए उसे हायर सेंटर भेज दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे सुपौल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पिपरा के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि युवक को गोली लगने की सूचना मिली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं पर पुलिस काम कर रही है। हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source link
सुपौल में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक के सीने में मारी गोली:मौसी के घर से लौट रहा था; सदर अस्पताल से हायर सेंटर रेफर
