![]()
‘मैं जा तो रही हूं मां, लेकिन मुझे लग रहा है कि शायद अब कभी आपके पास वापस नहीं आ पाऊंगी।’ बिहार की भागलपुर की रितु के वे आखिरी शब्द थे, जो उसने 13 जुलाई को फरीदाबाद के लिए रवाना होते समय अपनी मां से कहे थे। चार दिन बाद, 17 जुलाई को फरीदाबाद के सेक्टर-9 स्थित ससुराल की तीसरी मंजिल से गिरने से उसकी मौत हो गई। रितु के भाई संदीप ने दैनिक भास्कर से बातचीत में आरोप लगाए कि यह हादसा नहीं, बल्कि ससुराल पक्ष ने धक्का देकर उसकी हत्या की है। रितु बिहार में सरकारी टीचर थी, जबकि उसका पति पंकज भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट है। पंकज ने ही चाइल्ड केयर लीव दिलवाकर रितु को फरीदाबाद बुलाया था, जिसके बाद यह घटना हुई। सिलसिलेवार ढंग से पूरा मामला जानिए… साल 2017 में हुई थी शादी बिहार के भागलपुर जिले की रहने वाली रितु (37) की शादी साल 2017 में भागलपुर के मकनपुर गांव निवासी पंकज शर्मा से हुई थी। दोनों की अरेंज मैरिज परिवारों की रजामंदी से हुई थी। रितु के परिजनों का आरोप है कि शादी में उन्होंने 15 लाख रुपए नकद दिए थे। रितु ने इंग्लिश में एमए की थी और शादी से पहले ही वह सरकारी स्कूल में टीचर के पद पर नियुक्त हो गई थी। शादी के बाद वह कुछ समय तक बिहार स्थित अपनी ससुराल में रही। पति 3 साल पहले बना लेफ्टिनेंट रितु के भाई संदीप ने बताया कि करीब तीन साल पहले पंकज भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त हुआ था। फिलहाल उसकी तैनाती लद्दाख में है। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें साढ़े सात साल की बेटी चेतन्या और साढ़े तीन साल का बेटा लक्ष्य है। दोनों बच्चों की देखभाल रितु ही कर रही थी। वह बिहार में अपनी ससुराल के पास किराए पर अलग कमरा लेकर दोनों बच्चों के साथ रहती थी। 5 महीने पहले बेटी को फरीदाबाद ले गया था पति संदीप के अनुसार, करीब पांच महीने पहले पंकज बिहार से अपनी बेटी चेतन्या को फरीदाबाद ले आया था, जबकि बेटा लक्ष्य रितु के पास ही रहा। पंकज ने शिक्षा विभाग से बात कर रितु को 90 दिन की चाइल्ड केयर लीव दिलवाई और उसे फरीदाबाद बुलाया। रितु फरीदाबाद नहीं आना चाहती थी, लेकिन बेटी के मोह में वह वहां चली गई। शादी के बाद से ससुराल पक्ष से था विवाद रितु के भाई का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन की अपने जेठ-जेठानी और अन्य ससुराल वालों से अनबन रहती थी। रितु को किसी भी पारिवारिक समारोह में अपने शादी के जेवर पहनने नहीं दिए जाते थे। जब वह इसकी शिकायत अपने पति पंकज से करती थी तो वह भी परिवार वालों का ही पक्ष लेता था। इसी वजह से रितु ससुराल छोड़कर बिहार में रहने लगी थी। 13 जुलाई को घर से निकली, 17 जुलाई को हुई मौत संदीप ने बताया कि रितु 13 जुलाई को बिहार से ट्रेन के जरिए दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। 14 जुलाई को वह फरीदाबाद के सेक्टर-9 स्थित अपनी ससुराल पहुंची। 17 जुलाई को करीब तीन बजे उसके साथ यह घटना हुई। हालांकि परिवार को उसकी मौत की सूचना रात करीब आठ बजे दी गई। भाई ने धक्का देकर हत्या करने का लगाया आरोप रितु के भाई संदीप ने आरोप लगाया कि उसके जेठ राजीव और संजीव और उनकी पत्नियां पूनम और रीना उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। इन्हीं लोगों ने रितु को धक्का देकर नीचे गिराया। उन्होंने दावा किया कि घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रितु नीचे गिरती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो से स्पष्ट होता है कि उसे धक्का देकर नीचे गिराया गया। पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप संदीप का आरोप है कि पुलिस इस मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि शिकायत में सभी तथ्यों का उल्लेख करने के बावजूद पुलिस ने अब तक ससुराल पक्ष के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। पुलिस बोली- मामले की जांच जारी सेक्टर-8 थाना प्रभारी राजबीर ने बताया कि मामले में फिलहाल धारा 174 सीआरपीसी (इनक्वेस्ट) के तहत कार्रवाई की गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
फरीदाबाद में थर्ड फ्लोर से गिरकर टीचर की मौत; VIDEO:भागलपुर की शिक्षिका मां से बोली थी- शायद वापस न आऊं; 2017 में लेफ्टिनेंट से शादी हुई थी
