![]()
झारखंड के आधे से अधिक जिले में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। राजधानी रांची में देर रात से हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। आज पूरे राज्य में मानसून के पूरी तरह सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है, जिससे अधिकतर जिलों में दिनभर बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मौसम सुहावना बना रह सकता है। वहीं कुछ जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति भी बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार राज्यभर में मौसम लगातार बदलता रहेगा, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। रांची, हजारीबाग और धनबाद समेत कई जिलों के लिए विशेष बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जहां तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। झारखंड के मौसम की तस्वीरें देखें… पूर्वी और मध्य झारखंड में होगी अच्छी बारिश पूर्वी और मध्य झारखंड के कई जिलों में आज अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, हजारीबाग और गिरिडीह में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। इन इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो सकती है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जैसी स्थिति बताई है। इसके अलावा रांची, जमशेदपुर, बोकारो, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा और चाईबासा में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात का खतरा बना हुआ है। AQI भी बेहतर होने की उम्मीद बारिश के असर से रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, हजारीबाग और लातेहार में तापमान अपेक्षाकृत कम रहेगा, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। इन जिलों में मौसम ठंडा और सुहावना महसूस होगा। सबसे कम अधिकतम तापमान रांची, हजारीबाग, गुमला, खूंटी और लातेहार में 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। जबकि अन्य जिलों में यह 30 से 32 डिग्री तक जा सकता है। लगातार बारिश और बादलों के कारण राज्य के अधिकांश जिलों का वायु गुणवत्ता सूचकांक अच्छा से संतोषजनक रहने की उम्मीद है। रांची, जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद जैसे शहरों में हवा साफ रह सकती है। पिछले 24 घंटे में हर जिले में बारिश पिछले 24 घंटों में झारखंड के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। जमशेदपुर में करीब 5 मिमी और बोकारो में लगभग 11 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि रांची, धनबाद, रामगढ़, गिरिडीह और हजारीबाग में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना बना रहा। आज लोगों को सलाह दी गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम का अपडेट जरूर देखें। तेज बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों से बचें और गरज-चमक के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। किसानों को भी खेतों में काम करते समय मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। राज्य में अब भी 28% कम बारिश 1 जून से 22 जुलाई तक बारिश के आंकड़ों से स्पष्ट है कि अधिकांश जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई है। राज्य में कुल 299.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य आंकड़ा 414.9 मिमी है, यानी 28% की कमी। गढ़वा (-63%), चतरा (-63%), गोड्डा (-65%) और पलामू (-55%) जैसे जिलों में सबसे ज्यादा कमी दर्ज की गई है। कोडरमा (-53%), गिरिडीह (-42%), देवघर (-34%) और दुमका (-17%) में भी सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। सिमडेगा (-11%), सरायकेला-खरसावां (-3%), पाकुड़ (-4%) और साहिबगंज (-11%) में कमी कम रही, जो राहत की बात है। रांची (-28%), बोकारो (-27%), धनबाद (-23%) और हजारीबाग (-22%) जैसे प्रमुख जिलों में भी मध्यम स्तर की कमी दर्ज की गई है। कुल मिलाकर राज्य में मानसून का प्रदर्शन कमजोर रहा है, जिससे अब आगे की बारिश पर ही स्थिति सुधरने की उम्मीद टिकी हुई है।
Source link
रांची, धनबाद, समेत कई जिलों में आज बारिश:आधे से अधिक झारखंड में रुक-रुक कर बरस रहे बादल, यलो अलर्ट जारी
