![]()
गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के कुगांव में नौ वर्षीय शिवानी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने सर्पदंश की आशंका जताई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। मृतका की मां धर्मी देवी ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात परिवार खाना खाकर सो गया था। शिवानी अपनी मां के साथ मच्छरदानी लगाकर पलंग पर सो रही थी। देर रात करीब 12:30 बजे शिवानी उठी और पेट दर्द की शिकायत करने लगी। वह शौच के लिए मुख्य गेट के बाहर गई और वापस आकर सो गई। वापस लौटने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों को आशंका है कि इसी दौरान उसे किसी जहरीले सांप ने डंस लिया होगा। अहले सुबह करीब 4 बजे परिजन शिवानी को इलाज के लिए घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया। गुमला पहुंचते ही चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका की मां धर्मी देवी के अनुसार, बच्ची की मौत के वास्तविक कारण को लेकर संशय बना हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के असल कारणों का पता चल सके। उल्लेखनीय है कि गुमला में लगातार सर्पदंश के मामले बढ़ रहे हैं। वर्तमान में करीब आधा दर्जन लोग अस्पताल में इलाजरत हैं। बताया जाता है कि बरसात के कारण सर्पदंश की घटनाएं अधिक हो रही हैं। पिछले कुछ दिनों में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। चिकित्सकों का कहना है कि यदि समय रहते मरीज को अस्पताल पहुंचाया जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है, लेकिन थोड़ी सी भी देरी जानलेवा साबित हो सकती है।
Source link
गुमला में 9 वर्षीय बच्ची की संदेहास्पद मौत:सर्पदंश की आशंका, सोने के बाद फिर नहीं उठी; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
