![]()
बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगरई खापा में 16 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले छात्र का स्कूल में एक अन्य छात्र से विवाद हुआ था। मृतक छात्र सिंगरई खापा का निवासी था और कक्षा 9वीं में पढ़ता था। परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह वह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचा। शाम करीब पांच बजे जब वह घर लौटा, तो उसकी तबीयत बिगड़ी हुई थी। उसे उल्टियां हो रही थीं और चक्कर आ रहे थे। जिला अस्पातल में तोड़ा दम
परिजन उसे तत्काल चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन बुधवार रात छात्र की मौत हो गई। मृतक के चाचा ने बताया कि घटना से एक दिन पहले स्कूल में छात्र का एक अन्य विद्यार्थी से झगड़ा हुआ था। इसकी सूचना स्कूल की शिक्षिका ने उसके पिता को दी थी। बुधवार को जब छात्र घर लौटा, तो पिता ने उससे झगड़े के बारे में पूछा, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। विसरा फोरेंसिक साइंस लैब भेजा
गुरुवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आगे की जांच के लिए मृतक का विसरा सुरक्षित रखवाया है, जिसे फोरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र ने किस जहरीले पदार्थ का सेवन किया था और उसकी मौत के वास्तविक कारण क्या थे। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। चिचोली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों, स्कूल से जुड़े लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि क्या स्कूल में हुए विवाद और उसके बाद बने मानसिक दबाव के कारण छात्र ने यह कदम उठाया, या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
Source link
छात्र ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत:बैतूल में स्कूल में झगड़े की बात सामने आई
