![]()
हरियाणा के नारनौल में आज कांग्रेस के पूर्व विधायक राव दान सिंह की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जतंर-मंतर में हुए लाठीचार्ज व राहुल गांधी के प्रोटेस्ट के दौरान उनकी गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया गया। जिसके बाद डीसी कार्यालय में जाकर एडीसी तरुण कुमार को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारी सुबह करीब साढ़े दस बजे से शहर की चितवन वाटिका में एकत्र होना शुरू हो गए थे। इसके बाद पूर्व सीपीएस राव दान सिंह सुबह 11 बजे चितवन वाटिका में पहुंचे। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राव दान सिंह ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। सरकार की जिम्मेदारी उन्होंने कहा कि परीक्षाओं की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। देशभर में पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। राहुल गांधी से व्यवहार परंपराओं के अनुरूप उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया विरोध कार्यक्रम का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उनके साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं था। कांग्रेस नेताओं ने इसकी आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। शिक्षामंत्री दें इस्तीफा इस मौके पर अक्षत राव, कांग्रेसी नेता चंद्रप्रकाश एडवोकेट, पूर्व जज राकेश यादव ने मांग की कि पेपर लीक मामलों में शामिल सभी दोषियों को कड़ी सजा दी जाए, शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। केस वापस लिए जाएं इसके अलावा आंदोलन के दौरान छात्रों और युवाओं पर दर्ज किए गए मामलों को वापस लेने की भी मांग की गई। युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के सवाल पर नेताओं ने कहा कि यदि किसी प्रकार की ज्यादती हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को बल प्रयोग से नहीं दबाया जा सकता। ये रहे मौजूद इस मौके पर सुरेंद्र नंबरदार, शुभम शर्मा, सत्यपाल दहिया, सोनू कौशिक, सुरेंद्र पटवा, जसवंत सहरावत, सरजीत नंबरदार, अभिनव, राजू जाट, रविंद्र नूनीवाल, बलदेव चहल व रमेश कुमार सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
नारनौल में पूर्व विधायक राव दान सिंह का प्रदर्शन:राहुल गांधी की गिरफ्तारी और जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में किया, सैकड़ों लोग रहे मौजूद
