![]()
विदिशा शहर में बुधवार को एक छात्र को सरेराह बेरहमी से पीटा गया। यह घटना स्वर्णकार कॉलोनी में हुई, जब छात्र कोचिंग से घर लौट रहा था। दो युवकों ने उसे बीच सड़क पर रोककर हमला किया। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो आज (शुक्रवार) वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, छात्र कोचिंग खत्म होने के बाद अपने एक दोस्त के साथ बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे दो युवकों ने उसकी बाइक रुकवा ली। आरोप है कि हमलावरों ने छात्र को बाइक से उतरने का मौका भी नहीं दिया और उस पर हमला कर दिया। एक युवक डंडे से लगातार वार करता रहा, जबकि दूसरे युवक ने, जिसने कैप और मास्क पहना हुआ था, छात्र को थप्पड़ और घूंसे मारे। देखिए मारपीट की तीन तस्वीरें… बुजुर्ग ने बीच-बचाव की कोशिश की, नहीं माने
बीच सड़क पर हो रही इस मारपीट को देखकर एक बुजुर्ग ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावर नहीं रुके और छात्र की पिटाई करते रहे। मारपीट के दौरान एक अन्य युवक पूरी घटना का वीडियो बनाता रहा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले पीड़ित छात्र की अपने साथ पढ़ने वाले एक छात्र से कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के चलते दूसरे छात्र के भाई ने अपने साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। केस दर्ज, आरोपियों की पहचान हो चुकी
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में शहर में सरेराह मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। हाल ही में नीमताल चौराहे पर भी दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला हुआ था, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था।
Source link
कोचिंग से लौट रहे छात्र पर बीच सड़क हमला:विदिशा में पुराने विवाद में बेरहमी से पीटा; दो आरोपियों पर केस दर्ज
