Bareilly Bahgul River Drowning | NDRF Search Operation for Elderly


राजकुमार गुप्ता | भुता (भुता), बरेली4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढकनी रजपुरी में शुक्रवार करीब 12 बजे को खेतों की ओर जाते समय बहगुल नदी पार कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए। सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। देर शाम तक बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं लग सका, जिसके बाद एनडीआरएफ (NDRF) और पीएसी (PAC) की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया।

जानवर की पूंछ पकड़कर पार कर रहे थे नदी

जानकारी के अनुसार, ग्राम ढकनी रजपुरी निवासी मोहम्मद साबिर अली (65) पुत्र मोहम्मद सद्दीक दोपहर अपने खेतों की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि नदी पार करने के लिए उन्होंने एक जानवर की पूंछ पकड़कर तैरने का प्रयास किया। नदी के बीच तेज बहाव के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में समा गए।

ग्रामीणों ने की तलाश, मगरमच्छ की दहशत बनी बाधा

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर काफी देर तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बहगुल नदी में मगरमच्छ होने की चर्चाओं के कारण कोई भी ग्रामीण अधिक गहराई में उतरकर खोजबीन करने का साहस नहीं कर सका। इससे बचाव कार्य में भी कठिनाई आई।

NDRF और PAC ने संभाला मोर्चा

सूचना पर फरीदपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और पीएसी के गोताखोरों को भी बुलाया गया। दोनों दलों ने नदी में कई स्थानों पर सर्च अभियान चलाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बुजुर्ग का पता नहीं चल सका।

पुलिस बोली- तलाश जारी, शव मिलने पर होगी कार्रवाई

फरीदपुर के इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। मगरमच्छ होने की आशंका को देखते हुए विशेष बचाव दल की मदद ली गई है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग की तलाश जारी है और शव बरामद होने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *