Headlines

Punjab Chandigarh Top news; CA suicide | sex racket


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर फरीदकोट में कार से देवरानी-जेठानी को कुचलने से जुड़ी रही। ड्राइवर दोनों को 200 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे उनका सिर फट गया और उनकी मौत हो गई।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. 100KM की स्पीड में कार ने देवरानी-जेठानी को रौंदा

फरीदकोट में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने एक्टिवा सवार देवरानी-जेठानी को कुचल दिया। दोनों महिलाएं घर से 300 मीटर दूर नहर किनारे लगे नलकूप से पीने का पानी लेकर लौट रहीं थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ड्राइवर ने करीब 100 किमी/घंटे की रफ्तार से दोनों को टक्कर मारकर लगभग 200 मीटर तक घसीटता ले गया।

जिससे उनके सिर सड़क पर घिसटते रहे। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

शहीद बलविंदर सिंह नगर निवासी संजना (43) और पूजा (49) शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह एक्टिवा पर कैनियां लेकर नहर किनारे लगे नलकूप से पीने का पानी भरकर ला रहीं थीं। दोनों रिश्ते में देवरानी-जेठानी थीं। (पढ़ें पूरी खबर)

2. पूर्व CM चन्नी की इस्तीफे की तैयारी, हाईकमान को दोटूक- ऐसे चुनाव नहीं जीत सकते

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व जालंधर से सांसद चरणजीत चन्नी कांग्रेस हाईकमान को बड़ा झटका दे सकते हैं। चन्नी गुट से जुड़े नेताओं के मुताबिक वह जल्द ही 2027 चुनाव की कैंपेन कमेटी के चेयरमैन का पद छोड़ सकते हैं। दिल्ली में 2 दिन हुई हाईकमान की मीटिंग के बाद यह हालात बनते जा रहे हैं।

मीटिंग में मौजूद कुछ नेताओं के मुताबिक दिल्ली में केसी वेणुगोपाल की अगवाई में हुई बैठक में चन्नी गुट ने फिर से बागी तेवर अपनाए। चन्नी ने पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल को यहां तक कह दिया कि पंजाब में मौजूदा प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की अगुआई में कांग्रेस चुनाव नहीं जीत सकती। अगर वड़िंग कुर्सी पर बरकरार रहे तो हार या जीत की जिम्मेदारी आपकी होगी।

पार्टी सोर्सेज के मुताबिक तल्खी तब ज्यादा बढ़ी जब कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने चरणजीत सिंह चन्नी समेत उनके गुट के नेताओं को कहा कि पार्टी ने आपको इतने बड़े पद दिए हैं और आप फिर भी साथ चलने को तैयार नहीं हैं। यह सुनते ही चन्नी ने पलटकर कहा कि अगर ऐसा है तो वह कंपेन कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे देते हैं।(पढ़ें पूरी खबर)

3. चार्टर्ड अकाउंटेंट ने पत्नी संग किया सुसाइड, नहर में मिली महिला की लाश

पंजाब के जीरकपुर के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) ने अपनी पत्नी के साथ नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। सीए राजीव बाली का शव पंजाब के राजपुरा के पास भाखड़ा नहर से बरामद हुआ था। वहीं, उसकी पत्नी नीरजा बाली का शव 80 किलोमीटर दूर कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर के पास सरस्वती फीडर नहर से मिला।

पंजाब पुलिस को भाखड़ा नहर किनारे एक कार लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसमें 4 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद हुआ था। मोबाइल फोन के जरिए पता चला कि कार राजीव की है, जो अपनी पत्नी नीरजा के साथ 21 जुलाई को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद पंजाब पुलिस भाखड़ा नहर में दोनों की तलाश की।

राजीव का शव तो राजपुरा के पास मिल गया, लेकिन नीरजा का पता नहीं चल सका था। अब नीरजा का शव भी बरामद हो चुका है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पिछले कुछ समय से फाइनेंशियल दबाव में थे। (पढ़ें पूरी खबर)

4. 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, लोगों ने सड़क पर धान लगाई

पंजाब और चंडीगढ़ में 27 से 29 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। तेज बारिश और जलभराव की आशंका के बीच अमृतसर में जुलाई की बारिश ने 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस बीच जालंधर-लुधियाना हाईवे पर गोराया के पास गांव संग ढेसियां में ग्रामीणों और दुकानदारों ने सड़क की बदहाल हालत के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क पर पानी से भरे गड्ढों में धान लगा दिया।

ग्रामीणों बूटा सिंह और भोगल ने कहा कि मुख्य सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। जबड़े-बड़े गड्ढों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। इसके बारे में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पिछले 24 में सबसे अधिक 100 मिमी बारिश अमृतसर में रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा फाजिल्का के अबोहर में 33 मिमी, गुरदासपुर में 33.5 मिमी, पठानकोट के केवीके में 18 मिमी, होशियारपुर के सालेरन में 17 मिमी और फरीदकोट में 16 मिमी बारिश दर्ज की गई। (पढ़ें पूरी खबर)

5. 3 स्पा सेंटरों में सेक्स रैकेट पकड़ा, 6 विदेशी युवतियां-मैनेजर गिरफ्तार

लुधियाना में पुलिस ने 3 स्पा सेंटरों में सेक्स रैकेट पकड़ा। छापेमारी के दौरान 6 विदेशी युवतियों और एक मैनेजर को गिरफ्तार किया। वहीं 4 युवतियों के साथ दो स्पा सेंटर संचालक मौके से फरार हो गए, जिनके खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस की रेड के दौरान युवतियां सामान समेटती नजर आईं। इनसे पुलिस ने पूछताछ की। गिरफ्तार युवतियां थाईलैंड की बताई जा रही हैं। वहीं जो युवतियां फरार हुईं हैं, वह हरियाणा और दिल्ली की रहने वाली हैं।

पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि खन्ना के सिटी सेंटर स्थित न्यू एरा, डायमंड और रिलेक्स थाई स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन सूचनाओं के आधार पर थाना सिटी-2 पुलिस ने गुरुवार को रेड की। छापेमारी के दौरान तीन स्पा सेंटरों की जांच की गई। (पढ़ें पूरी खबर)

6. होटल के कमरे से मिला महिला का शव, बॉयफ्रेंड संग ठहरी थी

फरीदकोट के कोटकपूरा में मुक्तसर रोड स्थित एक होटल के कमरे से महिला का शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान गांव ढिलवां कलां निवासी राजप्रीत कौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह अपने गांव के बॉयफ्रेंड के साथ होटल में ठहरी थी और शुक्रवार सुबह कमरे में मृत मिली।

सूचना मिलने पर थाना सिटी कोटकपूरा की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला प्राकृतिक मृत्यु का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच जारी है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. युवक की गोली मारकर हत्या, झगड़ा देखने घर से निकला था

गुरदासपुर में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। दरअसल यहां दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग की गई। इस दौरान युवक के सिर में लगी। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे वहां मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान विजय मसीह (26) के रूप में हुई है। युवक के मामा बब्बा मसीह और मां मेवल ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव में जाट और ईसाई समुदाय के युवकों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस ने तब दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। इसी रंजिश के चलते गुरुवार रात जाट समुदाय के युवकों ने बाहर से लोगों को बुलाकर गांव में हमला कर दिया और फायरिंग शुरू कर दी।

परिवार ने बताया कि उनका बेटा विजय सिर्फ झगड़ा देखने के लिए बाहर गया था। इस दौरान कुछ युवकों ने उसपर फायरिंग कर दी। बेटे की सिर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. पंजाबी सिंगर ढिल्लों पर FIR, म्यूजिक कंपनी मालिक को पीटने का आरोप

मोहाली के मटौर थाने में पंजाबी सिंगर दिलप्रीत सिंह ढिल्लों के खिलाफ मारपीट, जबरन बंधक बनाने, हथियार दिखाकर धमकाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मेलोडी हाउस म्यूजिक कंपनी के संचालक रेअमंत मरवाहा की शिकायत पर की है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि टी-सीरीज के साथ गानों की डील नहीं होने से नाराज दिलप्रीत ढिल्लों ने 22 जुलाई की रात सेक्टर-70 स्थित एक फ्लैट में उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंगर ने पिस्टल दिखाकर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

रेअमंत मरवाहा ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से मेलोडी हाउस म्यूजिक कंपनी चला रहे हैं। उनके मुताबिक, 5-6 महीने पहले दिलप्रीत ढिल्लों ने टी-सीरीज में गानों की रिकॉर्डिंग की डील करवाने के लिए उनसे संपर्क किया था। उन्होंने अधिकारियों से बात भी करवाई, लेकिन डील नहीं हो सकी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर विदेश से

9. पंजाबी युवती की कनाडा में हत्या, लिव-इन पार्टनर ने गला घोंटा

कनाडा के एडमिंटन शहर में पंजाबी युवती की लिव-इन पार्टनर ने हत्या कर दी। झगड़े के दौरान लिव-इन पार्टनर ने उसका गला घोंटा। कॉल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई। यहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की पहचान दमनप्रीत कौर (23) के तौर पर हुई है। वह लुधियाना में समराला के गांव लाल कलां की रहने वाली थी। वहीं आरोपी रितेश (22) दिल्ली का रहने वाला है। उस पर सेकेंड डिग्री मर्डर के चार्ज लगाए गए हैं। पिता ने 5 साल पहले जमीन बेचकर लेकर दमनप्रीत को कनाडा भेजा था। पिता गुरुद्वारे में पाठी हैं।

दमनप्रीत कौर करीब 5 साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गई थी। वहीं 2021 में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात रितेश से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। हालांकि, दोनों कब से साथ रह रहे थे, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. बच्चे की आड़ में चोरी करने वाला कपल पकड़ा

चंडीगढ़ में दुकानों में चोरी का एक ऐसा तरीका सामने आया है, जिसने व्यापारियों को भी हैरान कर दिया। पति-पत्नी डेढ़ साल के बच्चे को साथ लेकर दुकानों में पहुंचते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। दुकान में दाखिल होने के बाद दोनों दुकानदार को बातों में उलझाते और मौका मिलते ही गल्ले से नकदी व महंगा सामान समेटकर चुपचाप निकल जाते। कई वारदातों के बाद व्यापारियों ने सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया के जरिए दोनों की पहचान कर उनका पीछा शुरू किया।

आखिरकार व्यापारियों के बिछाए जाल में दोनों फंस गए। आरोपी हरप्रीत सिंह एक्टिवा पर बैठकर भागने लगा, जबकि उसकी पत्नी ट्विंकल डेढ़ साल के बच्चे को गोद में लेकर पैदल ही निकलने लगी। लेकिन व्यापारियों ने दोनों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

इस बीच दुकानों में चोरी की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में दोनों बेहद सामान्य ग्राहक की तरह दुकान में नजर आते हैं और मौका मिलते ही गल्ले से नकदी व नोटों का हार उठाकर निकल जाते हैं। आरोपियों की पहचान तोगा निवासी हरप्रीत सिंह और उसकी पत्नी ट्विंकल के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने इसी तरीके से और कितनी दुकानों को निशाना बनाया है।(पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *