![]()
शिमला के रामपुर से सटी रचोली पंचायत के सनाथली-हलोग सड़क निर्माण कार्य में आ रही एफसीए (वन संरक्षण अधिनियम) से संबंधित आपत्तियों के त्वरित निपटारे को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधीक्षण अभियंता (SE) से मुलाकात की। बीडीसी सदस्या ईशा चौहान की अध्यक्षता में पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ सड़क निर्माण में आ रही प्रशासनिक व तकनीकी बाधाओं पर विस्तार से चर्चा की और उनका शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई।इस प्रतिनिधिमंडल में बीडीसी सदस्या ईशा चौहान के अलावा महिला मंडल की प्रधान किरण, पंचायत सदस्य गौरा, उपप्रधान ज्योति लाल, राजीव हुडेन, कौल राम, भाजपा मंडल रामपुर के महामंत्री दिनेश खमराल और मीडिया प्रभारी तिलक राज सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। लंबे समय से अटका है काम मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सनाथली-हलोग सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों और आसपास की आबादी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लंबे समय से एफसीए की आपत्तियों के कारण इसका निर्माण कार्य अटका हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि विभागीय स्तर पर औपचारिकताओं को तेजी से पूरा कर सड़क निर्माण के रास्ते को साफ किया जाए। प्राथमिकता के आधार आपत्तियों को निपटाने का निर्देश प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ने आश्वासन दिया कि एफसीए संबंधी आपत्तियों के समाधान की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर इस मामले से संबंधित प्रक्रिया को पूरा करने का प्रयास करने का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई है कि विभाग द्वारा तय की गई एक सप्ताह की समय-सीमा में आपत्तियों का निवारण होने से बंद पड़ा सड़क निर्माण कार्य पुनः गति पकड़ेगा, जिससे क्षेत्रवासियों को जल्द ही सुचारू व सुरक्षित सड़क सुविधा मिल सकेगी।
Source link
सनाथली-हलोग सड़क के निर्माण की मांग:एफसीए आपत्तियां एससी के समक्ष उठाईं, एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन
