![]()
नीमच जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र स्थित खिमला प्लांट में एक मजदूर की टैंकर से कुचलकर मौत हो गई। तेज बारिश से बचने के लिए मजदूर एक खड़े पानी के टैंकर के नीचे बैठा था। चालक ने वाहन आगे बढ़ाने से पहले नीचे नहीं देखा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना खिमला प्लांट परिसर में हुई। 27 वर्षीय मजदूर अलीउल्फ रहमान, जो पश्चिम बंगाल के मेहर बिस्वास टोला का निवासी था, काम के दौरान अचानक बारिश शुरू होने पर पानी से बचने के लिए पास खड़े पानी के टैंकर के नीचे बैठ गया। इसी दौरान, टैंकर चालक ने नीचे किसी के होने की पुष्टि किए बिना अचानक वाहन आगे बढ़ा दिया। टैंकर का पहिया सीधे अलीउल्फ के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद साथी मजदूरों और प्लांट प्रबंधन ने गंभीर रूप से घायल अलीउल्फ को तुरंत कनावटी स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। साथी मजदूरों ने बताया कि अलीउल्फ महज 12 दिन पहले ही खिमला प्लांट में ड्रिलिंग मशीन हेल्पर के रूप में काम पर आया था। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन महीने की बच्ची को छोड़ गया है। घटना के बाद पुलिस ने जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शुक्रवार शाम को परिजनों को सौंप दिया। रामपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर टैंकर चालक की लापरवाही के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
Source link
बारिश से बचने टैंकर नीचे बैठे मजदूर की मौत:नीमच में ड्राइवर ने बिना देखे बढ़ाया वाहन, पश्चिम बंगाल का रहना वाला था मृतक
