जमुई में सरेआम 10वीं छात्रा से हुई बदसलूकी और छेड़खानी के बाद पीड़िता की मां ने कहा- दोषियों को ऐसी सजा होनी चाहिए, जिससे दूसरे लोग ऐसा कुछ भी करने से डरें।
.
पीड़िता के माता-पिता ने दैनिक भास्कर से बातचीत की। जिसमें 19 सितंबर की शाम हुई घटना को लेकर उन्होंने कई खुलासे किए।
मां ने बताया कि बेटी घर आई और सो गई। सुबह देर से उठी, रात तक कुछ नहीं बोला। सुबह इलाके में चर्चा थी, लेकिन उस वक्त तक हमें कोई जानकारी नहीं थी।
घटना को लेकर मां-पिता ने क्या-क्या बताया, कैसे घटी पूरी घटना पढ़िए…
मां बोली- बेटी देर से आई, गुमसुम थी
मां ने भास्कर को बताया, ‘बेटी रात 9 बजे घर आई थी। रोजाना से थोड़ी लेट थी, लेकिन उसे परेशान और थका हुआ देखकर मैंने उस वक्त कोई सवाल नहीं किया। वह सीधे कमरे में गई, रूम बंद किया, चेंज करके लेट गई।
मैंने थोड़ी देर बाद उसे खाना खाने के लिए बुलाया, तो वो आई। बेमन से थोड़ा सा खाना खाया। खाते वक्त भी उसने कुछ नहीं कहा। मैंने पूछा कि कोई बात है क्या? इस पर उसने नॉर्मल जवाब दिया और कहा- सब ठीक है।
खाना खाने के बाद वह कमरे में जाकर सो गई। अगले दिन देर तक सोती रही। रविवार का दिन था, इसलिए मैंने उसे नहीं उठाया। आखिर में जब ज्यादा देर हुई तो मैंने उसे 10 बजे नाश्ते के लिए उठाया। उठने के बाद वह नाश्ता करके वापस कमरे में चली गई। कोई बातचीत नहीं की।’
‘उसे परेशान देखकर ज्यादा सवाल नहीं किया’
‘अक्सर पहले भी वह शांत-शांत सी रही है, तो मैंने ज्यादा सवाल नहीं किया। मैं उसे परेशान नहीं करना चाहती थी। थोड़ी देर बाद यानी दोपहर में जब देखा तो वह कॉपी पर कुछ लिख रही थी। मैंने सोचा कि पढ़ाई कर रही है। यह सोचकर वापस चली आई। शाम तक ऐसा ही रहा।

‘20 सितंबर की शाम मुझे घटना की जानकारी मिली’
‘मैंने सीधे कुछ नहीं पूछा। मैंने सोचा कि पहले उसके पिता को बताऊं, इसके बाद दोनों मिलकर बेटी से बात करेंगे। पिता जब घर आए, तो मैंने उन्हें वायरल वीडियो के बारे में बताया। अब तक यह वीडियो सिर्फ जमुई जिले और आसपास में ही था।
पिता के घर आने के बाद मैंने बेटी को बुलाया। हम दोनों साथ में बैठे और उसे अपने पास बुलाया। हमारे पास आते ही वह रोने लगी। घबरा रही थी। मैंने कहा- क्या हुआ? क्यों डर रही हो? कुछ बात है क्या? अगर बात है भी तो डरो मत, हम हैं न साथ। बताओ क्या हुआ।
हम दोनों ने उसे काफी भरोसे में लिया। फिर उसने पूरी घटना सुनाई। 20 सितंबर की शाम मुझे आसपास के लोगों से पहले ही घटना की जानकारी मिल गई थी।’

अब पढ़िए, बेटी ने मां को क्या बताया
हम वहां गलती से पहुंचे थे। रास्ते से गुजरते समय लोकेशन हमें अच्छी लगी, इसलिए हमलोग वहां थोड़ी देर टाइम स्पेंड करने लगे। हमें नहीं पता था कि जगह इतनी खराब होगी। गांव के लोग थे। महिलाएं भी आसपास थीं, काम कर रही थीं, ज्यादा डरने जैसी कोई बात नहीं थी।
हम दोनों पहाड़ पर जाकर बैठे ही थे कि तभी कुछ लड़के वहां आ गए। वे लोग हमें देखकर हंस रहे थे। हमने ज्यादा कुछ नहीं सोचा। हम अपनी बातों में लग गए। थोड़ी देर बाद हमारी नजर उन लड़कों पर गई तो वहां अब ज्यादा संख्या में थे।
महिलाएं जो काम कर रही थीं, वो उस जगह से जा चुकी थीं। शाम ढल रहा था, सन्नाटा होने जैसा था। मैंने कहा, चलना चाहिए। फिर हमने सनसेट के फोटो लेने की कोशिश की, लेकिन माहौल खराब होता देख हमने सब कैंसिल कर दिया।
इतने में कुछ बड़े लड़के वहां पहुंच गए थे। वो सीधे पहाड़ी की तरफ आ रहे थे। आते ही हमसे नाम पूछा, कहां के रहने वाले? सब कुछ पूछा। हमने उनको बताया भी। इसके बाद वो पहाड़ी से खींचकर नीचे ले जाने लगे।
हमारी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी थी। हम वहां तक पहुंच नहीं पा रहे थे, सब हमें घेरकर रखे थे। वो सभी पहले-पहले मेरे दोस्त से बात कर रहे थे। इतने में एक मेरे पास आ गया। मैं डर गई और उसे दूर हटने को कहा।
इसके बाद तो और माहौल बिगड़ गया। मेरे दोस्त को लड़कों ने मारा। मैं कुछ बोलती थी तो मेरे ऊपर भी हाथ चला रहे थे। एक से बात करती, तो दूसरा पीछे से हाथ टच करता।
पीछे से मुड़ती तो आगे वाले टच शुरू कर देते। मैं अपने दोस्त को लड़कों से छुड़ाकर भाग ही रही थी, इतने में एक व्यक्ति आया और मुझे घसीटते हुए उठा लिया।
कौन वीडियो बना रहा था, कौन क्या-क्या कह रहा था, मुझे कुछ नहीं पता। बस इतना पता था, वे लोग हमारी शादी कराना चाहते थे और मैं उनसे इतना ही कह रही थी, हमें जाने दीजिए।
हम लगातार उनसे गुहार लगाते रहे, भैया हम यहां फिर कभी नहीं आएंगे, हमें जाने दीजिए। हमने उनको कहा भी, हम दोस्त हैं, साथ में पढ़ते हैं।
हम यहां से जा रहे थे, जगह अच्छी लगी तो थोड़ी देर रुक गए। आपलोगों को अच्छा नहीं लगा तो हम चले जाते हैं। प्लीज हमें जाने दीजिए…

“प्लीज भैया छोड़ दीजिए” लड़की बार-बार आरोपियों से गुहार लगाती रही।
जो वायरल वीडियो था, उसमें क्या क्या दिखा.. पढ़िए…
“शादी कराओ, शादी कराओ, इसको मंदिर लेकर चलो।”
चारों ओर भीड़ थी। टॉर्च लाइटें जल रही थीं, जिसमें सबके चेहरे सिर्फ दिख रहे थे। कोई भी व्यक्ति पूरे कपड़े में नहीं था। कोई लूंगी तो कोई हाफ ड्रेस में था। मिट्टी से सने, हट्ठे-कट्ठे युवक थे। आसपास अंधेरा था। शाम ढलने के कारण पूरा इलाका सुनसान था। चारों से से शादी कराओ, शादी कराओ, आवाज आ रही थी।
इसी दौरान लड़की कहती है- “सॉरी भैया, प्लीज-प्लीज। हमलोग ऐसा नहीं हैं। हम एक ही स्कूल के, एक ही क्लास में पढ़ते हैं। हम यहां घूमने आए थे। हम बेस्ट फ्रेंड हैं इसके। बेस्ट फ्रेंड मतलब शादी नहीं होता है।”
लड़की कहती है- “आज के बाद से कभी नहीं आएंगे। प्लीज भैया, जाने दीजिए… प्लीज-प्लीज…”
लड़की तेज आवाज में “प्लीज” कहती है।
इसके बाद भीड़ में से आवाज आती है- “चिल्लेवही गे… चिल्लेवही…” यानी, “चिल्लाएगी तुम।”
इसके बाद लड़की के प्राइवेट पार्ट पर थप्पड़ मारा जाता है।
उधर से दो लड़के कहते हैं- “आईडी दिखाओ।”
लड़का पूछता है- “आईडी कहां?”
इसके बाद लड़का अपनी आईडी दिखाता है।

छात्रा विनती करती है, इस दौरान भी आरोपी उसके बांह पर हाथ लगाता है।
मां ने आगे और क्या बताया
“घटना के समय मेरी बेटी के साथ जो लड़का था, वह बहुत अच्छा लड़का है। उसने मेरी बेटी का साथ नहीं छोड़ा। उसके सामने इतने लड़के आकर खड़े हो गए थे, फिर भी उसने इस परिस्थिति में मेरी बेटी का साथ छोड़कर भागने की कोशिश नहीं की।
इसके लिए मैं बहुत खुश हूं। इतना ही नहीं, मेरी बेटी ने भी उसका बहुत अच्छे से साथ निभाया। दोनों बच्चे बहुत समझदार हैं।”
‘अभी भी बाहर जाने से डरती है’
‘मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से जब हमारी मुलाकात हुई तो उन्होंने हमसे एक बच्ची के माता-पिता की तरह मुलाकात की। उन्होंने मेरी बेटी से कहा कि वह बहुत बहादुर बच्ची है।
उन्होंने भरोसा दिया कि पढ़ाई या सुरक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की जरूरत हो तो वह बेहिचक उनसे मिल सकती है। उन्होंने कहा कि जब भी जरूरत होगी, वह मेरी बेटी की मदद के लिए तैयार रहेंगे।
जमुई पुलिस और प्रशासन ने हमारा पूरा साथ दिया। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई की। प्रशासन की तरफ से भी मुझे किसी तरह की कमी महसूस नहीं हुई। पुलिस लगातार सक्रिय रही और हमारा साथ दिया।
वो अभी भी इतनी डरी हुई है कि ज्यादा बात नहीं करती, ठीक से खाती नहीं है। कहीं बाहर जाने के नाम से घबराने लगती है।’
पिता बोले- सीएम ने बेटी को हिम्मत दी
छात्रा के पिता ने कहा, ‘सम्राट चौधरी ने मेरी बच्ची से कहा कि अभी तक तुम जिस तरह से खुलकर जीती आ रही हो, वैसे ही आगे भी जीना। किसी से डरने की जरूरत नहीं है। इसी हिम्मत के साथ आगे बढ़ते रहना है।
सीएम ने हमें भी आश्वासन दिया कि राज्य में उनकी बेटी को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर सरकार उनकी मदद करेगी।
जमुई पुलिस और प्रशासन ने मामले में अच्छा काम किया है। डीएम समेत पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई से मैं संतुष्ट हूं।

‘समाज को जागरूक और एकजुट होना होगा’
सिर्फ पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई से ही ऐसी घटनाएं नहीं रुकेंगी, बल्कि समाज के लोगों को भी जागरूक होना होगा। किसी बेटी के साथ ऐसी घटना होने पर लोगों को चुप रहने के बजाय एकजुट होकर उसका साथ देना चाहिए।”
अब जानिए क्या है जमुई बैड टच कांड
19 सितंबर को जमुई के मड़वा पहाड़ इलाके में 14 साल की छात्रा के साथ सड़क पर छेड़खानी और अभद्र व्यवहार किया गया था। इसका वीडियो 21 सितंबर को सामने आया।
पुलिस के अनुसार, वीडियो की जानकारी 21 सितंबर को मिली, जिसके बाद पीड़िता की पहचान कर केस दर्ज किया गया। इसके लिए SIT बनाई गई। वीडियो में दिख रहे तीन नाबालिगों को पकड़ा गया, जबकि मुख्य आरोपियों के रूप में बताए जा रहे हरेराम यादव और नंदन यादव का 22 सितंबर को एनकाउंटर किया गया।
पुलिस के मुताबिक दोनों नदी किनारे झाड़ियों में छिपे मिले; हरेराम को पकड़ने के दौरान वह घायल हुआ, जबकि नंदन के पुलिस पर गोली चलाने के बाद जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हुआ। फिलहाल, नंदन का अस्पताल में इलाज चल रही है। वहीं, हरेराम को पुलिस ने 23 सितंबर को कोट में पेश कर 14 दिन के न्यायिक हिरासत के लिए भेज दिया है।
इस मामले में अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है, जिनमें एक बालिग को जेल और नाबालिगों को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष भेजा गया है। वहीं, वीडियो बनाने और प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी साइबर कार्रवाई की जा रही है।

घटना के दौरान की तस्वीरें, इनमें छात्रा आरोपी से विनती करती है, आरोपी अभद्रता है और आखिरी में कुछ लोग उन्हें जाने देते हैं।

——
इसे भी पढ़िए.. बेटे की गलती पर सजा दें,जान न लें-नंदन की मां:जमुई कांड के बाद नंदन-हरेराम के गांव पहुंची भास्कर; भाभी का सवाल- पकड़कर गोली क्यों मारी?

“मेरे बेटे ने गलती की है तो कानून के मुताबिक सजा दें, मुझे मंजूर है। उसे जेल में रखें, लेकिन उसकी जान नहीं जानी चाहिए। ” ये कहना है जमुई छेड़खानी के मुख्य आरोपी नंदन यादव की मां का। वो अपने बेटे से एक बार मिलना चाह रही है, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस उन्हें अपने बेटे से न मिलने दे रही है, न ही उसकी तस्वीर दिखा रही है। पूरी खबर पढ़ें।
