![]()
गुरुग्राम के भौंडसी इलाके से गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां के भाजपा विधायक तेजपाल तंवर के पेट्रोल पंप पर कुछ बेखौफ बदमाशों ने दो युवकों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष का एक बेहद विचलित करने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में हमलावर बदमाश युवकों पर लाठी-डंडे बरसाते और लात-घूसे मारते नजर आ रहे हैं। पीड़ित युवकों ने हाथ जोड़कर अपनी जान की भीख भी मांगी, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा और बेरहम बदमाशों ने उन पर लाठियां बरसाना बंद नहीं किया। घायलों में एक नाबालिग है, जो अपनी बुआ के घर आया हुआ था। हमले में दोनों युवक लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमार पिता के लिए दोस्त से मांगकर लाए थे कार घायल युवकों की पहचान भौंडसी गांव के रहने वाले 18 वर्षीय रितिक और उसके रिश्तेदार अभिषेक के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रितिक के पिता पिछले कई दिनों से काफी गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। पिता की बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी। रितिक के पास कोई साधन नहीं था, इसलिए वह अपने ही गांव के रहने वाले दोस्त मयंक की कार मांगकर लाया था, ताकि पिता को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके। पंप पर भरवाने गए थे सीएनजी अस्पताल जाने से पहले कार में गैस कम थी, जिसके कारण रितिक और अभिषेक गाड़ी लेकर सोहना के विधायक तेजपाल तंवर के सीएनजी पंप पर गैस भरवाने के लिए पहुंचे। अभी वे पंप पर कतार में ही थे कि अचानक कार में सवार होकर आए युवकों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। कार रुकते ही बदमाशों ने बिना कुछ बात किए सीधे लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से गाड़ी पर हमला बोल दिया और दोनों को जबरन खींचकर बाहर निकाल लिया। हाथ जोड़कर बख्शने की गुहार लगाते रहे बच्चे घटना का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, वह कानून के खौफ पर बड़े सवाल खड़े करता है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महज़ 18 साल के रितिक और नाबालिग अभिषेक ने हमलावरों से बचने के लिए अपने हाथ जोड़ लिए और रोते हुए उन्हें बख्शने की गुहार लगाई। लेकिन खून के प्यासे हो चुके बदमाशों का दिल नहीं पसीजा। वे दोनों बच्चों को जमीन पर गिराकर तब तक लाठी-डंडों से बेरहमी से मारते रहे, जब तक कि वे अधमरे नहीं हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी लाठी-डंडे लहराते हुए मौके से फरार हो गए। एक की हालत बेहद नाजुक पंप कर्मियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी और दोनों लहूलुहान युवकों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, अभिषेक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। वहीं रितिक का भी इलाज जारी है। फिलहाल परिजन अपनी शिकायत लेकर थाने में पहुंचे हैं, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है। सरेआम विधायक के पंप पर हुई इस गुंडागर्दी के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
Source link
गुरुग्राम में भाजपा विधायक के पंप पर गुंडागर्दी CCTV:सीएनजी भरवाने आए युवकों हमला, हाथ जोड़कर जान की भीख मांगते रहे पीड़ित
