Headlines

पंचकूला के जीजा-साला मर्डर केस में 2 गिरफ्तार:6 दिन के रिमांड पर; बहन से लव मैरिज करने पर की थी हत्या




पंचकूला के सेक्टर-19 स्थित बहुचर्चित जीजा-साला डबल मर्डर केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद 6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी, साजिश और अन्य फरार आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव पासवान उर्फ बकरी (22) निवासी बिहार, हाल निवासी अभयपुर, पंचकूला और रोशन उर्फ मोटा (20) निवासी लखनऊ, हाल निवासी अभयपुर के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे। प्रेम-प्रसंग के चलते की थी हत्या पुलिस जांच के अनुसार, 4 जुलाई को सीआईडी अंडरपास के पास संजीत और अर्जुन उर्फ चिट्टा के शव मिले थे। दोनों के शरीर पर तेजधार हथियारों से किए गए कई वार थे। जांच में सामने आया कि अर्जुन का संजीत की बहन के साथ कई वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों ने मंदिर में विवाह भी किया था। बाद में दोनों अलग रहने लगे, जिससे दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, नामकरण समारोह के बहाने अर्जुन को बुलाया गया, जहां उस पर योजनाबद्ध तरीके से हमला किया गया। इस दौरान हुए खूनी संघर्ष में संजीत की भी मौत हो गई। अब तक 6 गिरफ्तार, एक नाबालिग भी काबू पुलिस इससे पहले 5 जुलाई को विपिन, प्रेमचंद और सुखप्रीत सिंह उर्फ लक्की को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बाद 7 जुलाई को रोहन कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान एक नाबालिग को भी हिरासत में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के आदेश पर बाल सुधार गृह भेजा गया, जबकि गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी राजीव पासवान और उसके साथी रोशन की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *