Headlines

कुल्लू में जलशक्ति विभाग के जेई की पीट-पीटकर हत्या:ड्यूटी पर जाते समय हुए थे लापता, दफ्तर के पास बेसुध मिले, एम्स बिलासपुर में मौत




हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जलशक्ति विभाग में कनिष्ठ अभियंता (जेई) के पद पर तैनात लाभ सिंह गुलेरिया की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान खौला गांव के निवासी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लाभ सिंह शुक्रवार को अपनी ड्यूटी पर गए थे। देर रात करीब 11 बजे उन्होंने अपने घर फोन कर परिजनों को सूचित किया था कि पिरड़ी पुल के पास कोई दुर्घटना हो गई है और वे जल्द ही घर लौट रहे हैं।
देर रात तक जब लाभ सिंह घर नहीं पहुंचे, तो चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। खोजबीन के दौरान गांधीनगर स्थित रोटरी आई अस्पताल के पास उनकी स्कूटी सही-सलामत खड़ी मिली। इसके बाद जब परिजनों ने आसपास छानबीन की, तो दफ्तर से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक सब्जी के खोखे के पास लाभ सिंह खून से लथपथ और अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजन उन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें एम्स बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया। एम्स बिलासपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप एम्स बिलासपुर के आईसीयू (ICU) में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे लाभ सिंह गुलेरिया ने रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के भतीजे वीर सिंह गुलेरिया ने बताया कि उनके चाचा के सिर और चेहरे पर बेहद गंभीर व जानलेवा चोटों के निशान थे। परिजनों का आरोप है कि जब वे ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे, तब अज्ञात असामाजिक तत्वों ने उन पर जानलेवा हमला बोला और बुरी तरह पीट-पीटकर उन्हें अधमरा कर दिया, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा, आरोपियों की तलाश तेज मामले की गंभीरता को देखते हुए कुल्लू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक (SP) मदन लाल कौशल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पत्नी कांता देवी के बयानों और शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एसपी कौशल ने आश्वस्त किया है कि पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *