![]()
जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गणेश पात्रो के रूप में हुई है। वहीं, घायल निखिल साहू को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसके एक हाथ के फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। तेज रफ्तार की वजह से डिवाइडर से टकराई बाइक प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक बाइक से कदमा टोल ब्रिज की ओर से दोमुहानी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रामजनमनगर के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। गणेश पात्रो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि निखिल साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे नियंत्रण खोने की संभावना बढ़ गई। बिना हेलमेट थे दोनों, पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक बिना हेलमेट के सवार थे। तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे, जिसे हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
जमशेदपुर मरीन ड्राइव पर डिवाइडर से टकराई बाइक:रामजनमनगर के पास हुआ भीषण हादसा, एक गंभीर घायल, दूसरे की मौत
