![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवक तीर-धनुष और मुर्गा काटने वाले लोहे के कत्ता के साथ गांव में दहशत फैला रहा था। वह गली से आने-जाने वाले लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर भी आरोपी उग्र हो गया, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम बरौनाकुंडा के एक ग्रामीण ने थाना पहुंचकर सूचना दी कि गांव का 33 साल का विद्याधर अगरिया हाथ में लोहे का कत्ता और तीर-धनुष लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। उसकी हरकतों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुमार गौरव के निर्देश पर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस जब विद्याधर के घर के पास पहुंची तो वह और अधिक उग्र हो गया। उसने हथियार लहराते हुए पुलिस की ओर बढ़ते हुए कहा कि जो सामने आएगा, उसे मार देगा। मौका मिलते ही पुलिस ने किया काबू स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जवानों ने संयम बरता और सही मौका मिलते ही घेराबंदी कर आरोपी को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे थाना लाया गया, जहां उसके कब्जे से लोहे का कत्ता और तीर-धनुष जब्त किए गए। आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, जेल भेजा घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव ने बताया कि आरोपी किसी बात को लेकर तीर-धनुष से लोगों को मारने की धमकी दे रहा था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Source link
तीर-धनुष से लोगों को धमका रहा था ग्रामीण, VIDEO:पुलिस जवानों को देख उग्र हुआ, घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
