![]()
धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के सुंदरपहाड़ी गांव में एक कुएं में लगभग 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव तैरता दिखा। कुछ लोग पानी लेने के लिए कुएं के पास पहुंचे थे, तभी उनकी नजर पानी में पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते पूरे गांव में खबर फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना पूर्वी टुंडी थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई। शव को निकलवाया गया बाहर सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यालय-2 के डीएसपी नाजीर अख्तर ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला। आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं। ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक को दो दिन पहले आसपास के इलाके में भीख मांगते देखा गया था। लोगों ने यह भी बताया कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा था, जिससे उसकी स्थिति को लेकर पहले से ही संदेह बना हुआ था। पहचान नहीं, मौत पर रहस्य बरकरार अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, जिससे उसकी मौत के कारणों को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) भेज दिया है। थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि सुंदरपहाड़ी क्षेत्र के कुएं से अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। स्थानीय लोगों ने युवक के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात कही है, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
Source link
पूर्वी टुंडी में कुएं से युवक का शव बरामद:दो दिन पहले भीख मांगते दिखा था, अब तक नहीं हो सकी है पहचान
