Headlines

Punjab-Chandigarh top news; LPU student rape controversy | BJP leader Firing


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से जुड़ी रही। छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी की एक छात्रा से रेप हुआ, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। सोशल मीडिया पर यह मैसेज शनिवार रात वायरल होने के बाद हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. छात्रा से रेप का आरोप, यूनिवर्सिटी में आग लगाई

पंजाब की फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हंगामा होा गया। छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी की एक छात्रा से रेप हुआ, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। सोशल मीडिया पर यह मैसेज शनिवार रात वायरल होने के बाद हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए।

छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ की और एक हिस्से में आग लगा दी। इसके बाद दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना देकर ट्रैफिक जाम कर दिया। पुलिस ने पहले कहा कि जांच में रेप का कोई मामला सामने नहीं आया है। मामला बढ़ता देख FIR की गई।

DIG नवीन सिंगला ने कहा कि FIR दर्ज करने के अलावा जांच के लिए SIT गठित की गई है, जिसमें 5 सदस्य स्टूडेंट्स हैं। स्टूडेंट्स ने कहा है कि FIR कॉपी मिलते ही हाईवे का जाम खोल दिया जाएगा। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने रेप के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उसने स्टूडेंट्स से अपील की है कि वे अफवाह पर ध्यान न दें। यूनिवर्सिटी भाजपा के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल की है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. मशहूर कबड्डी खिलाड़ी लाइव आकर रोया: बोला- अब मैं पंजाब में नहीं खेल सकता

पंजाब में कबड्डी के जाने-माने खिलाड़ी जगदीप सिंह उर्फ जग्गू हकमवाला शनिवार देर रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लाइव आकर फूट-फूट कर रोए। उन्होंने करीब 5 मिनट तक 2 बार में लाइव किया।

इस दौरान उन्होंने भारी हंगामे और रेफरी बॉयकॉट से दुखी होकर यह कसम खाई है कि वह अब कभी भी पंजाब की धरती पर कबड्डी नहीं खेलेंगे। उन्होंने कहा- मेरी वजह से रेफरी अपनी रेफरीइंग नहीं कर पा रहा है तो मैं ऐसी जगह पर खेल ही नहीं सकता।

दरअसल, फरीदकोट में एक कबड्डी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मैच के दौरान भारी बवाल हो गया था। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि कमेंटेटर ने भरे ग्राउंड में माइक पर यह घोषणा कर दी कि एक खिलाड़ी के कारण रेफरी अपनी ड्यूटी नहीं कर पा रहे हैं। जग्गू ने इसे अपना अपमान माना। (पढ़ें पूरी खबर)

3. फर्जी DSP रेप केस में गिरफ्तार, वर्दी पहनकर कार्यक्रमों में जाता

लुधियाना में पुलिस ने एक फर्जी DSP को महिला से रेप के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होता था। जांच में सामने आया है कि उसने फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर महिला को झांसे में लिया था। इसी मामले में उसके खिलाफ 2020 में रेप की FIR दर्ज हुई थी।

लंबे समय तक अदालत में पेश नहीं होने पर उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर पुराने मामलों और उसकी फर्जी पहचान से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। आरोपी की पहचान करणवीर शर्मा के रूप में हुई है। वह खन्ना के गांव कद्दों का रहने वाला है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. पूर्व केंद्रीय मंत्री बिट्टू को जान से मारने की धमकी

पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और BJP नेता रवनीत सिंह बिट्टू को जान से मारने की धमकी मिली है। पाकिस्तान के नंबर से उनके वॉट्सएप पर रविवार सुबह साढ़े 11 बजे वॉयस मैसेज भेजकर धमकी दी गई। मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम मलिक एलेक्स बताया है। वॉयस मैसेज में कहा- कान खोलकर सुन ले। तुम आजकल बहुत बकवास कर रहे हो। औकात से बाहर जा रहे हो। अपनी औकात में रहो, अपनी औकात नहीं भूला करते।

इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि उनके लिए ‘किलो का डिब्बा’ तैयार है। मैसेज में यह भी कहा गया कि हमला करने के लिए वे 5, 10 या 15 दिन में आ सकते हैं। साथ रहने वाले लोगों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है। मामले में बिट्टू की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां नंबर व वॉयस मैसेज की जांच कर रही हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

5. 50 हजार रिश्वत लेती SHO और गनमैन गिरफ्तार

विजिलेंस ब्यूरो फिरोजपुर रेंज ने मोगा के थाना कोट ईसे खां की एसएचओ इंस्पेक्टर सुनीता रानी बावा और उनके गनमैन गुरअवतार सिंह को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। घटना शनिवार देर रात की है। इस संबंध में राजविंदर सिंह निवासी गांव नूरपुरा हकीमां ने विजिलेंस को शिकायत दी थी।

उन्होंने आरोप लगाया था कि थाना कोट ईसे खां में दर्ज एक मामले में उसे नामजद करने का डर दिखाकर पीएचजी गुरअवतार सिंह ने एक लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद में वह 70 हजार रुपए लेने के लिए राजी हो गया था। आरोपी गुरअवतार सिंह अलग-अलग तारीखों पर उससे पहले ही 20 हजार रुपए ले चुका था।

इसके बाद उसने बकाया 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। इस संबंध में बातचीत की शिकायतकर्ता ने अपने मोबाइल में रिकॉर्डिंग कर ली और इसे विजिलेंस ब्यूरो की इंस्पेक्टर जगनदीप कौर के समक्ष पेश किया। (पढ़ें पूरी खबर)

6. भरी मीटिंग के बीच युवक के सीने में मारी गोली

फाजिल्का के अबोहर शहर के संत नगर इलाके में रविवार दोपहर को नकाबपोश हमलावर ने मंदिर के बाहर खड़े 28 वर्षीय युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

संत नगर निवासी अजय (28) श्री वाल्मीकि मंदिर के सेवादारों के साथ मंदिर में शेड लगाने के विषय पर बैठक कर रहा था। बैठक समाप्त होने के बाद जब अजय और अन्य लोग मंदिर के बाहर खड़े थे, तभी एक अज्ञात नकाबपोश युवक वहाँ पहुंचा और अजय पर सीधी फायरिंग कर दी।

हमलावर ने दो राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली अजय की छाती में जा लगी और वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर तुरंत मौके से फरार हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)

7. धीरेंद्र शास्त्री बोले- कुछ लोग सनातन को तोड़ना चाहते

लुधियाना में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का रविवार को दूसरा दिन है। उन्होंने कहा कि लुधियाना के लोग इतने अच्छे हैं कि उन्हें यहां पहले ही कथा करने आना चाहिए था, लेकिन जब आए तो बाला जी की इच्छा से आए। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि सनातन एक हो। सनातन एक होगा तो देश एक होगा।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कुछ लोग सनातन को तोड़ना चाहते हैं, जबकि हम जोड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा- जो मेरे राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं। उन्होंने कहा कि आज उन्हें पंडाल में पहुंचने में करीब 30 मिनट की देरी हुई, क्योंकि रास्ते में उन्हें पागल ही पागल मिले।

उन्होंने बताया कि सोमवार को दोपहर 12 बजे दिव्य दरबार लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाला जी की मर्जी हुई तो पर्ची खुलेगी। जो भक्त मन में कामना लेकर नारियल लेकर पंडाल में बैठेंगे, उन्हें भरोसा है कि बाला जी उनके नाम की पर्ची निकालेंगे।

इधर, कथा में हरियाणा की सीएम नायब सैनी भी शामिल होने पहुंच हैं। कथा सुनने वाले लोगों की संख्या इतनी अधिक है कि लोगों को पंडाल में बैठने तक की जगह नहीं मिल रही। (पढ़ें पूरी खबर)

8. दो कारों की टक्कर, युवक की मौत, CCTV फुटेज सामने आया

गुरदासपुर के हरदोचन्नी रोड बाईपास पर जलवा हवेली के पास मारुति एस क्रॉस और स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो घायल हो गए। जलवा हवेली के मालिक जोबन जलवा और दुकानदार बाबा जी के मुताबिक, दोनों कारें तेज रफ्तार में थीं। हरदोचन्नी रोड के बाईपास चौराहे से मुड़ते समय वे आपस में टकरा गईं।

टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। स्कॉर्पियो चला रहे नवी कथियाली के 35 वर्षीय सतवंत सिंह उर्फ ​​बाऊ की मौके पर ही मौत हो गई। वह दो छोटे बच्चों के पिता थे।

दूसरी कार में सवार दो युवक भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस स्टेशन सदर के इंचार्ज अमनदीप सिंह मौके पर पहुंचे और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. रेप के आरोपी SGPC के पूर्व सदस्य के घर पुलिस की रेड, पत्नी से डेढ घंटे पूछताछ

महिला से रेप के आरोपी एसजीपीसी के पूर्व सदस्य अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ पंजाब पुलिस ने जांच तेज कर दी है। लुधियाना के पॉश इलाके मॉडल टाउन एक्सटेंशन में रविवार सुबह पुलिस की एक टीम ने अचानक छापेमारी की।

रेड के दौरान चावला घर पर नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस टीम घर के अंदर उनकी पत्नी से लगातार पूछताछ कर रही है। इस छापेमारी के लिए आनंदपुर साहिब से 10 से 15 पुलिस अधिकारियों की एक बड़ी टीम लुधियाना पहुंची थी।

जांच अधिकारी ने बताया कि थाना आनंदपुर साहिब में 21 अगस्त 2026 को रेप के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। उसमें अमरजीत सिंह चावला को मुख्य आरोपी बनाया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके

10. दूध पिलाकर व्यापारी को किया बेहोश, 25 लाख कैश लेकर भागे नौकर दंपति

लुधियाना के माया नगर के रोज एन्क्लेव में घर में काम करने वाले नौकर दंपति ने व्यापारी को दूध में नशीली दवा देकर बेहोश कर दिया। व्यापारी के बेहोश होने पर परिवार उसे इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल ले गया। इसी दौरान नौकर दंपति घर से करीब 25 लाख रुपए कैश और करीब 105 ग्राम सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, व्यापारी नीरज सचदेवा ने थाना डिवीजन नंबर-8 में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि रात को उनके घर पर काम करने वाले नेपाल मूल के अर्जुन और उसकी पत्नी माया ने उन्हें दूध पिलाया था। दूध पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। परिवार ने उन्हें तुरंत डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया।

होश में आने के बाद नीरज घर पहुंचे और सामान की जांच की। इस दौरान अलमारी से नकदी और गहने गायब मिले। पुलिस ने नीरज सचदेवा के बयान पर अर्जुन और माया के खिलाफ धारा 306 और 3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया है। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *