Headlines

बरनाला में हड़ताली सफाईकर्मियों से मिले सुखबीर बादल:लाठीचार्ज का किया विरोध, कहा- अकाली दल सत्ता में आते ही सभी को करेगा पक्का




पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के सुप्रीमो सुखबीर सिंह बादल सोमवार को बरनाला पहुंचे। उन्होंने वहां हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों से मुलाकात की और उनकी मांगों का समर्थन किया। बादल ने आश्वासन दिया कि राज्य में अकाली दल की सरकार बनने पर सभी सफाई कर्मचारियों को स्थायी नौकरी दी जाएगी। बादल ने पहले धरना स्थल पर कर्मचारियों से बातचीत की और उनका हाल जाना। इसके बाद वे सिविल अस्पताल गए, जहां उन्होंने पुलिस कार्रवाई में घायल हुए सफाई सेवकों से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी समाज का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जो विपरीत परिस्थितियों में भी शहर की सफाई का जिम्मा संभालते हैं। कार्रवाई के नाम पर लीपोपोती कर रही सरकार सुखबीर बादल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जायज मांगों के लिए आवाज उठा रहे कर्मचारियों पर पुलिस बल का प्रयोग करना गलत है। उन्होंने मांग की कि मामले में केवल एक अधिकारी को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जिम्मेदार लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। मान सरकार अपने वादे से पीछे हट रही उन्होंने याद दिलाया कि स्थानीय निकाय चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी ने इन सभी कर्मचारियों को पक्का करने की गारंटी दी थी, जिससे वे अब पीछे हट रहे हैं। अकाली दल प्रमुख ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि राज्य में पार्टी की सरकार बनते ही कानून में संशोधन कर सफाई सेवकों को स्थायी नौकरी देने का स्थायी नियम बनाया जाएगा। बादल ने स्पष्ट किया कि शिअद हमेशा से मेहनतकश लोगों के अधिकारों की रक्षा करता आया है। इस दौरान उनके साथ पार्टी के हलका प्रभारी कुलवंत सिंह कांता, जिलाध्यक्ष यादविंदर सिंह बिट्टू दीवाना, प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव शोरी और सोनी जागल समेत कई स्थानीय नेता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *