![]()
जयपुर में आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों की तैयारियों को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, राजस्थान की ओर से सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ‘चुनाव प्रबंधन कार्यशाला’ आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रदेशभर के सभी जिलों से आए करीब 500 प्रतिनिधियों को बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची की समीक्षा, जनसंपर्क, चुनावी संवाद और संगठनात्मक समन्वय का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुनाल बनर्जी, संगठन प्रभारी रीना वाल्मीकि और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.बी. यादव ने संबोधित किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि संगठन में सक्रिय और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को पंचायत और निकाय चुनावों में पूरा सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण पारदर्शी तरीके से कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनस्वीकृति के आधार पर होगा। साथ ही पार्टी का प्रयास 50 प्रतिशत टिकट 50 वर्ष से कम आयु के युवाओं को देकर नई पीढ़ी को नेतृत्व में अवसर देना है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि पंचायत और निकाय चुनाव लोकतांत्रिक संघर्ष, जनदबाव और न्यायिक हस्तक्षेप के कारण संभव हो सके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन में देरी, स्थानीय निकाय चुनाव टालने और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजनाएं बंद करने से जनता में असंतोष है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने इस जनभावना को कांग्रेस के पक्ष में जनसमर्थन में बदलने का आह्वान किया। चुनाव जीतने की सबसे मजबूत इकाई बूथ :जोशी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने कहा कि चुनाव जीतने की सबसे मजबूत इकाई बूथ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर मतदाता सूची का गहन परीक्षण करने और सभी वर्गों से निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील की। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.बी. यादव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा के राजनीतिक विमर्श के बजाय कांग्रेस की विचारधारा, सत्य, अहिंसा, सद्भाव, सामाजिक न्याय और स्वराज के मुद्दों को जनता के बीच ले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन के लिए शीघ्र ही प्रदेश स्तरीय चुनाव सहायता समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें अनुभवी जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यशाला में प्रतिनिधियों ने आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की नीतियों व लोकतांत्रिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
Source link
डोटासरा बोले- पंचायत-निकाय चुनाव में नई पीढ़ी को मिलेगा अवसर:कांग्रेस ने 500 प्रतिनिधियों को दिया चुनाव प्रबंधन का प्रशिक्षण
