![]()
सुबह की पहली किरण से पहले रविवार को जयपुर की सड़कों पर हजारों धावकों के कदम दौड़ते नजर आए। मौका था, आधार प्राइम ग्रीन फिट हाफ मैराथन सीजन-3 का। फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर आयोजित मैराथन में देश के 17 राज्यों के साथ विदेश से आए 10 हजार से अधिक रनर्स ने हिस्सा लिया। ‘स्वस्थ भारत, हरित भारत, स्वच्छ भारत-एक जन आंदोलन’ और ‘रन फॉर ए ग्रीनर अर्थ’ के संदेश के साथ धावकों ने दौड़ लगाई। मैराथन के दौरान फिटनेस के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए प्रत्येक रनर को एक पौधा दिया गया। मैराथन का फ्लैग ऑफ राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया। उनके साथ जयपुर सांसद मंजू शर्मा, उत्तर-पश्चिमी कमान के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी पी.एस. शेखावत, जयपुर व्यापार महासंघ के सुभाष गोयल और आधार प्राइम के मैनेजिंग डायरेक्टर उज्ज्वल पुनिया सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। यहां देखिए इवेंट के PHOTO’S विद्याधर नगर स्थित सन एंड मून कॉम्प्लेक्स के पास से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जैसे ही धावकों ने दौड़ शुरू की, पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। युवाओं के साथ बच्चों, महिलाओं और अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों ने भी इसमें भाग लिया। स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण का संदेश उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि फिट इंडिया और स्वच्छ भारत अभियान केवल सरकारी पहल नहीं हैं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़े अभियान हैं। स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मन का निर्माण होता है और स्वस्थ जीवन के लिए अपने आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने और इसे जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। मैराथन की सबसे खास पहल पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी रही। आयोजन में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी को एक पौधा भेंट किया गया। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य दौड़ को केवल फिटनेस गतिविधि तक सीमित न रखते हुए पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना था। ग्रीनफिट फाउंडेशन के संस्थापक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मैराथन के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ अपने आसपास हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने पौधे लेकर पर्यावरण संरक्षण और हरित शहर के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही। 21 किलोमीटर से लेकर 3 किलोमीटर फन रन मैराथन में अलग-अलग श्रेणियों में धावकों ने हिस्सा लिया। 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर दौड़ के साथ 3 किलोमीटर फन रन आयोजित किया गया। हर श्रेणी में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाई। 21 किलोमीटर की दौड़ में अनुभवी धावकों के साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया, वहीं 5 और 10 किलोमीटर की दौड़ में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों की भागीदारी देखने को मिली। 3 किलोमीटर फन रन ने परिवारों और फिटनेस को लेकर उत्साहित लोगों को भी आयोजन से जुड़ने का मौका दिया। 21 किलोमीटर में ढोल राम और सलोनी रहे विजेता 21 किलोमीटर पुरुष वर्ग में ढोल राम ने पहला, अगुग्ना त्सेगाये मोला ने दूसरा और देवा राम ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में सलोनी प्रथम, अर्पिता सैनी द्वितीय और प्रिया पाल तृतीय रहीं। 10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में दीपक प्रथम, देशराज द्वितीय और राजेश यादव तृतीय रहे। महिला वर्ग में रिंकी यादव ने पहला, शिवानी शर्मा ने दूसरा और प्रिया कुमावत ने तीसरा स्थान हासिल किया। 5 किलोमीटर पुरुष वर्ग में विजय गुर्जर प्रथम, सागर द्वितीय और आशीष कुमावत तृतीय रहे। महिला वर्ग में पायल राठौर प्रथम, वंशिका द्वितीय और हेमलता तृतीय रहीं। विजेताओं को कुल 2.55 लाख रुपए से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। मैराथन में जीसीएल ड्रीम्स से रवि सिंघल और महेश यादव, ग्रीनफिट फाउंडेशन के मेंटर अजय अग्रवाल, खंडेलवाल हार्ट इंस्टीट्यूट से संजय खंडेलवाल, लायंस क्लब डिमांड की अध्यक्ष प्रीती सक्सेना, रीहैब हेल्थ केयर से अविनाश सैनी और बॉलीवुड सिंगर रवींद्र उपाध्याय सहित कई लोग शामिल हुए।
Source link
‘ग्रीन फिट हाफ मैराथन’ में दौड़े 10 हजार धावक:दीया कुमारी ने किया फ्लैग ऑफ, 17 राज्यों और विदेश से पहुंचे रनर्स, हर प्रतिभागी को दिया गया पौधा
