Headlines

CHC के महिला शौचालय में मिले छह माह के भ्रूण:देवरिया में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, DNA जांच का सहारा




देवरिया जिले के लार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के महिला शौचालय में छह माह का भ्रूण मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और अस्पताल परिसर का गहन निरीक्षण किया है। मामले की सच्चाई जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर भ्रूण का डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा। यह घटना सोमवार देर रात सामने आई, जब सीएचसी के महिला शौचालय में लगभग छह माह का भ्रूण मिला। इस खबर से अस्पताल में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ड्यूटी पर तैनात चिकित्साकर्मियों से पूछताछ की, लेकिन भ्रूण की पहचान नहीं हो सकी। मंगलवार को चौकी प्रभारी कमलेश यादव ने अस्पताल के महिला वार्ड, प्रसूति कक्ष, ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और अन्य संबंधित स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्सों और दाइयों से भी पूछताछ की। पुलिस ने पिछले दो दिनों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की है, जिसमें कुछ महिलाएं शौचालय में आती-जाती दिख रही हैं। पुलिस अब अस्पताल के रजिस्टर से इन महिलाओं का नाम-पता निकालकर आगे की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भ्रूण को हाल ही में फेंका गया प्रतीत हो रहा था। जिस शौचालय में यह मिला, उसके सामने मरीजों और तीमारदारों के बैठने के लिए सीमेंट की बेंच बनी है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद किसी को इस घटना की जानकारी नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर भी चिंता व्यक्त की है। उनका आरोप है कि कुछ युवक अवैध रूप से परिसर में डेरा जमाए रहते हैं और मरीजों को दवाएं तक उपलब्ध कराते हैं। लोगों ने इस पहलू की भी गहन जांच की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान भ्रूण की पहचान नहीं हो पाती है, तो डीएनए परीक्षण के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *