![]()
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के तीन करीबी अफसरों को एक साथ हटा दिया गया है। इनमें प्राइवेट सेक्रेटरी अमर सिंह और एडिशनल प्राइवेट सेक्रेटरी शैलेश कुमार सिंह और आयुष सरन शामिल हैं। पर्यावरण मंत्रालय ने 3 जुलाई को अलग-अलग आदेश जारी किए। सरकार ने इन बदलावों की वजह नहीं बताई है। 2010 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी अमर सिंह को उनके मूल विभाग यानी राजस्व विभाग वापस भेज दिया गया है। वे 2021 से भूपेंद्र यादव के साथ काम कर रहे थे। वहीं, एडिशनल प्राइवेट सेक्रेटरी शैलेश कुमार सिंह को भी उनके मूल कैडर, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT), भेज दिया गया है। दूसरे एडिशनल प्राइवेट सेक्रेटरी आयुष सरन को भी पद से हटा दिया गया है। उनके आदेश की कॉपी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय और DoPT को भी भेजी गई है। आज की बाकी बड़ी खबरें… तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में प्लास्टिक गोदाम में आग लगी, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंचीं तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के अरियामंगलम इलाके में मंगलवार को एक प्लास्टिक गोदाम में आग लग गई। आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। कर्नाटक में बस और ट्रक की टक्कर, ड्राइवर समेत 2 की मौत कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर मंगलवार सुबह आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (APSRTC) की एक बस चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। इसमें बस ड्राइवर लक्ष्मण (58) और यात्री उमाकांत राव (75) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा चिक्कबल्लापुर तालुक के डोड्डापायलगुर्की के पास हुआ। बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन में गड़बड़ी, CBI की 11 राज्यों में 26 ठिकानों पर छापेमारी, 4 FIR दर्ज, लेफ्टिनेंट कर्नल-मेजर समेत 10 आरोपी सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के फंड में गड़बड़ी को लेकर सीबीआई ने सोमवार को 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 26 ठिकानों पर छापा मारा। यह छापेमारी जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड में की गई। एजेंसी ने इस मामले में 4 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर और इंजीनियर रैंक के 10 अफसरों सहित कुछ निजी लोगों को आरोपी बनाया गया है। सीबीआई के मुताबिक, मामला लद्दाख में बीआरओ के प्रोजेक्ट विजयक और योजक से जुड़ा है। आरोप है कि इन प्रोजेक्ट्स में कैजुअल मजदूरों की तैनाती में अनियमितताएं की गईं और फर्जी मजदूरों के नाम पर भुगतान जारी किया गया। आरोपों में सरकारी धन का गबन, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश, भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी शामिल हैं। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत आपराधिक कदाचार और रिश्वतखोरी से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है। कर्नाटक हाईकोर्ट बोला- रिटायरमेंट वाले दिन प्रमोशन का चार्ज लिया तो भी पेंशन फायदे मिलेंगे कर्नाटक हाई कोर्ट ने कहा है कि अगर किसी सरकारी कर्मचारी को रिटायरमेंट वाले दिन प्रमोशन मिलता है और वह उसी दिन प्रमोटेड पोस्ट का चार्ज वैध रूप से ले लेता है, तो उसे उस तारीख से सभी प्रमोशनल और उससे जुड़े पेंशनरी फायदे मिलेंगे। कोर्ट ने यह भी साफ किया कि चार्ज दोपहर 12 बजे के बाद लेने के आधार पर प्रमोशनल लाभ नहीं रोके जा सकते। मामले में कर्मचारी 31 मई 2023 को प्रोफेसर पद पर प्रमोट हुआ। उसने उसी दिन शाम 5.20 बजे चार्ज लिया और उसी दिन रिटायर भी हो गया। बाद में उसने प्रमोशन डेट से लाभ मांगे, लेकिन राज्य सरकार ने इनकार कर दिया। लोकसभा में प्रश्नों के जवाब सदन में पेश होने तक गोपनीय रखें संसद के मानसून सत्र से पहले लोकसभा सचिवालय ने सांसदों को याद दिलाया कि प्रश्नकाल में मंत्रियों के लिखित जवाब सदन में पेश होने तक पूरी तरह गोपनीय रहेंगे। जिन प्रश्नों का मौखिक उत्तर दिया जाना है, उनके जवाब भी तब तक गोपनीय रहेंगे, जब तक वे सदन में पूछे और उनके उत्तर नहीं दिए जाते। यदि किसी मौखिक प्रश्न का उत्तर नहीं भी दिया जाता है, तब भी प्रश्नकाल समाप्त होने तक उसका जवाब सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। सचिवालय ने स्पष्ट किया कि किसी प्रश्न का अंतिम उत्तर वही माना जाएगा, जो संबंधित दिन की सदन की आधिकारिक कार्यवाही में दर्ज होगा। युद्धपोत महेंद्रगिरि 11 जुलाई को नौसेना में शामिल होगा भारतीय नौसेना 11 जुलाई को विशाखापत्तनम में स्वदेशी स्टेल्थ युद्धपोत महेंद्रगिरि को शामिल करेगी। यह प्रोजेक्ट 17ए श्रेणी का छठा युद्धपोत है। इसे मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स ने बनाया है। इसमें 75% से ज्यादा स्वदेशी सामग्री है। इसमें सतह से सतह और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें और एंटी-सबमरीन सिस्टम हैं।
Source link
भास्कर अपडेट्स:तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में प्लास्टिक गोदाम में आग लगी, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंचीं
