![]()
पठानकोट के सरना स्थित छोटी नहर के पास टैंकर वर्कशॉप में मरम्मत (वेल्डिंग) के दौरान अचानक हुए भीषण विस्फोट में पिछले 20 वर्षों से कार्यरत फोरमैन की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाका इतना ज़ोरदार था कि वर्कशॉप की टीन की छत उड़ गई और टैंकर के परखच्चे उड़ गए। हादसे के समय मौके पर मौजूद दूसरे घायल कर्मचारी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान गांव बलसुआ निवासी 60 वर्षीय दौलत राम के तौर पर हुई है। अत्यधिक गर्मी और गैस बनने से हुआ भीषण विस्फोट प्रत्यक्षदर्शी मुकेश कुमार और पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार सूर्य टैंकर के वर्कशॉप में एक टैंकर की मरम्मत के लिए वेल्डिंग का काम चल रहा था। अत्यधिक गर्मी और टैंकर के भीतर ज्वलनशील गैस जमा होने के कारण जैसे ही वेल्डिंग शुरू की गई, अचानक ज़ोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भयानक था कि वर्कशॉप की पूरी टीन की छत हवा में उड़ गई और आसपास का इलाका दहल उठा। आवाज़ सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। परिवार के सदस्य की तरह थे दौलत राम: वर्कशॉप मालिक हादसे के बाद वर्कशॉप में शोक की लहर दौड़ गई। वर्कशॉप मालिक ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दौलत राम पिछले 20 वर्षों से हमारे पास काम कर रहे थे और बेहद अनुभवी थे। वे सिर्फ एक कर्मचारी नहीं, बल्कि हमारे परिवार के सदस्य की तरह थे। इस दुख की घड़ी में हम पूरी तरह उनके परिवार के साथ खड़े हैं। घायल का इलाज जारी, पुलिस कर रही मामले की जांच हादसे के समय मौके पर मौजूद दूसरे घायल कर्मचारी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। एएसआई सुरिंदर के अनुसार प्रारंभिक जांच में टैंकर के अंदर गैस बनने को ही हादसे का कारण माना जा रहा है।मृतक दौलत राम के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पठानकोट की टैंकर वर्कशॉप में धमाका, फोरमैन की मौत:सरना में वेल्डिंग के दौरान हादसा, एक घायल, गर्मी में टैंकर में गैस बनने से हुआ ब्लास्ट
