Headlines

ऊना में रोडवेज बस से टकराई स्कूटी, दो घायल:अचानक बिना इंडीकेटर के स्कूटी मोड़ने से हुआ हादसा, बस चालक के बयान पर केस दर्ज




हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंतर्गत आते बसाल में हरियाणा रोडवेज की एक बस और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। 29 जुलाई की रात करीब 10:05 बजे बाबा रुद्रानंद गेट के सामने हुए इस हादसे में स्कूटी सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बस चालक की शिकायत पर स्कूटी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपी शिकायत में हरियाणा रोडवेज बस के चालक पोहप सिंह ने बताया कि वे धर्मशाला से बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) की ओर जा रहे थे और बस में उनके साथ कंडक्टर प्रीतम भी तैनात थे। पोहप सिंह के अनुसार, जब उनकी बस बसाल पुली के पास बाबा रुद्रानंद गेट के समीप पहुंची, तो एक स्कूटी सड़क पार करती हुई दिखाई दी। चालक ने बताया कि स्कूटी को देखते ही उन्होंने लगातार हॉर्न बजाया। स्कूटी लगभग सड़क पार कर चुकी थी, लेकिन तभी अचानक स्कूटी सवार ने बिना देखे गाड़ी वापस मोड़ ली और सीधे बस के अगले हिस्से से जा टकराई। बस चालक ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक टक्कर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों व बस स्टाफ ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया टक्कर लगते ही स्कूटी सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद बस चालक, परिचालक और मौके पर मौजूद स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एक निजी वाहन के जरिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की पहचान रायपुर सहोड़ा निवासी सुमित कुमार और अशोक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में जुटी मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस चालक के बयानों के आधार पर स्कूटी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं और परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है और तफ्तीश के बाद आगे की नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *