![]()
फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में पल्ला पुल से बाइपास रोड जाने वाले रास्ते पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भिजवाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन ड्राइवर की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान 36 वर्षीय अजीत कुमार निवासी पॉप कॉलोनी, हरकेश नगर, पल्ला के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी के शोरूम में सेल्स एजेंट के पद पर कार्यरत था। ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहा था युवक परिजनों के अनुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे अजीत अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहा था। जब वह पल्ला पुल से बाइपास रोड की ओर जा रहा था, तभी किसी अज्ञात बड़े वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अजीत सड़क पर गिर गया और उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फोन कर दी परिजनों को सूचना मृतक के भाई सोनू ने बताया कि रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच उन्हें पुलिस ने फोन कर हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवा दिया था। उन्होंने बताया कि परिवार को यह नहीं पता कि किस वाहन ने अजीत की बाइक को टक्कर मारी। इस हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल में रखवाया। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरकेश नगर की पॉप कॉलोनी निवासी अजीत कुमार की मौत किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से हुई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन और चालक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फरीदबाद में गाड़ी की टक्कर से युवक की मौत:शोरूम में सेल्स एजेंट था, बाइक पर ड्यूटी से लौट रहा, ड्राइवर हुआ मौके से फरार
