![]()
जामताड़ा में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जिला समाहरणालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रसूता रीना देवी की इलाज में कथित लापरवाही से हुई मौत के मामले में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी के विरोध में किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने सदर अस्पताल के पास से रैली निकाली और समाहरणालय पहुंचकर सभा की, जहां जिला प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, पूर्व जामा विधायक सीता सोरेन, पूर्व सांसद सुनील सोरेन और भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, रोजगार, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। गौरतलब है कि जामताड़ा सदर अस्पताल में प्रसूता रीना देवी की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद भाजपा ने पहले भी विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की घटना भी हुई थी, जिसके बाद जिला प्रशासन ने भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण समेत आठ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी। भाजपा ने इसी कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को समाहरणालय घेराव का आयोजन किया। सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि झारखंड में अवैध खनन, बालू, लोहा और कोयला कारोबार चरम पर है, जबकि राज्य की खनिज संपदा का समुचित लाभ जनता को नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य ओडिशा में अधिक खदानों का पट्टा दिया गया और वहां रॉयल्टी भी झारखंड की तुलना में कहीं अधिक प्राप्त हुई, जबकि झारखंड में संसाधन होने के बावजूद विकास नहीं हो रहा। बाबूलाल मरांडी ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में ही अस्पतालों की स्थिति दयनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं में भी टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से कमीशनखोरी हो रही है और सरकार अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है।
Source link
भाजपा ने जामताड़ा समाहरणालय का घेराव किया:प्रसूता की मौत पर प्राथमिकी के विरोध में प्रदर्शन, बाबूलाल मरांडी ने सरकार को घेरा
