![]()
पटना नगर निगम सहित पूरे बिहार के नगर निकाय के कर्मी आज तीसरे दिन भी हड़ताल पर रहेंगे। पटना की सड़कों पर कचरे की ढेर लगी हुई है। बदबू से लोगों का हाल बेहाल है। पटना में दो दिन से न तो झाड़ू लगी है, न हीं डोर टू डोर गाड़ी, न ई-रिक्शा और न बड़ी गाड़ी निकली है। हालांकि, शुक्रवार को पुलिस बल की निगरानी में कचरा का उठाव हुआ। नगर आयुक्त ने काम में बाधा डालने वालों पर FIR दर्ज करने के आदेश दिए हैं। काम करने वाले कर्मी को धमकी देने के आरोप पटना नगर निगम के मुताबिक, सफाईकर्मी यूनियन द्वारा आहूत अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर नगर निगम ने आउटसोर्स और स्थाई कर्मियों को सफाई के लिए भेजा गया था, लेकिन हड़ताल करने वाले कर्मियों द्वारा उन्हें रोक दिया जा रहा है। कई जगह पर काम नहीं करने का दबाव और धमकी दी जा रही है, जिसके कारण कई कर्मी ड्यूटी पर आने से हिचकिचा रहे हैं। रात में चला विशेष सफाई अभियान, पुलिस बल रहेगा तैनात नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे हर वार्ड में काम कर रहे सफाईकर्मियों के अतिरिक्त 15 से 20 सहयोगी व्यक्तियों की टीम तैयार करें काम कराएं। काम में बाधा डालने वालों को चिह्नित करते हुए FIR भी दर्ज कराने के निर्देश दिये गए। इसके साथ ही उन्होंने सभी वरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित अंचलों में लगातार निगरानी रखते हुए रात में विशेष सफाई अभियान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। पुलिस बल की निगरानी में कचरा उठाव होगा। आउटसोर्सिंग कर्मियों और एजेंसियों पर होगी कार्रवाई नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आउटसोर्सिंग एजेंसियां अपने अनुबंध के अनुरूप निर्धारित संख्या में मानवबल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यदि कोई एजेंसी पर्याप्त संख्या में कर्मी उपलब्ध कराने में विफल रहती है या अपने संविदात्मक दायित्वों का पालन नहीं करती है, तो उसके खिलाफ अनुबंध की शर्तों के अनुरूप दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी पर आने के बावजूद काम नहीं करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। बायोमेट्रिक और मैनुअल उपस्थिति जरूरी सभी सफाई निरीक्षकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी प्रत्यक्ष निगरानी में सभी स्थायी, दैनिक और आउटसोर्सिंग एजेंसी के सफाई कर्मियों की बायोमेट्रिक तथा मैनुअल उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। उपस्थिति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सफाई कर्मियों से कार्य पर लौटने की अपील नगर आयुक्त ने सभी सफाई कर्मियों से कार्य पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पटना नगर निगम द्वारा सफाई कर्मियों के यूनियन की वे सभी मांगें, जो निगम के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत थीं, पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त अन्य न्यायोचित मांगों को भी संबंधित स्तर पर विचारार्थ भेजा गया है। इसलिए जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल अपने कार्य पर लौटें, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा उनकी शेष मांगों का समाधान भी आपसी संवाद और सकारात्मक वार्ता के माध्यम से सुनिश्चित किया जा सके। वर्तमान में पटना नगर निगम में कुल 647 स्थायी सफाई कर्मी, 3,816 दैनिक सफाई कर्मी तथा 4,822 आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से उपलब्ध सफाईकर्मी कार्यरत हैं। नगर निगम इन सभी मानवबल और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से राजधानी में सफाई करवा रही है।
Source link
पटना में आज तीसरे दिन भी सफाईकर्मी हड़ताल पर:पुलिस की निगरानी में होगा कचरा का उठाव, काम में बाधा डालने वालों पर होगी FIR
