Headlines

मंडला के मोहगांव में मिला युवक का शव:सिर पर चोट के निशान, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई




मंडला जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र में एक 40 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक की पहचान खर्राछापर निवासी इंदर मरावी के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी का काम करता था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मोहगांव थाना प्रभारी वेद राम हनोते ने बताया कि इंदर मरावी का शव शनिवार सुबह गांव के पास रास्ते से लगे एक खेत में मिला। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। परिजनों के अनुसार, इंदर मरावी शुक्रवार रात गुटखा लेने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में उसका शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मोहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहगांव भेज दिया है। थाना प्रभारी वेद राम हनोते ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। सिर पर मिले गंभीर चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *