Headlines

अनूपपुर में करंट से युवक की मौत:खंभे के नीचे मिला शव, तार चोरी के प्रयास में हादसे की आशंका




अनूपपुर जिले के कोतमा नगर पालिका में एक युवक का शव बिजली के खंभे के नीचे मिला। आशंका है कि बिजली के तार चोरी करने के प्रयास में उसे करंट लगा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह की है। मृतक की पहचान संतराम सिंह गोंड (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वार्ड क्रमांक-4 के निवासी थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने सुबह खंभे के नीचे शव देखा, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतक के हाथ में प्लास था और उसके हाथ व सीना बुरी तरह झुलसे हुए थे। प्रारंभिक जांच से यह आशंका जताई जा रही है कि युवक बिजली के तार काटने या चोरी करने के दौरान करंट की चपेट में आ गया। तार काटने वाला औजार जब्त पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से बिजली काटने में उपयोग होने वाले औजार भी जब्त किए गए हैं। मामले में मर्ग कायम कर विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में लंबे समय से चोरी हो रहे तार विद्युत कंपनी कोतमा के कनिष्ठ अभियंता लालमणि प्रजापति ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली के तार काटने, चोरी करने और ट्रांसफार्मरों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हो रही हैं। इन घटनाओं की शिकायतें थाना कोतमा में दर्ज कराई गई हैं, जिससे विभाग को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। कनिष्ठ अभियंता के अनुसार, घटनास्थल से 11 केवी क्षमता वाली दो लाइनें गुजरती हैं। एक खंभे से दो फेज तार काट दिए गए थे, लेकिन तीसरा तार काटते समय युवक संभवतः दूसरी लाइन की प्रवाहित विद्युत के संपर्क में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यह घटना भी बिजली तार चोरी के प्रयास से जुड़ी प्रतीत होती है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *