![]()
बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम करीब 8 बजे हथियारबंद बदमाशों ने 32 वर्षीय दूध व्यवसायी विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय विनोद कुमार अपनी बाइक से गांव से दूध लेकर शहर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सुजा-भर्रा और सांख के बीच सुनसान रास्ते पर घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और उनके सिर में दो गोलियां मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी और सदर-वन डीएसपी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने सदर अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। मृतक विनोद कुमार (पिता- सत्यनारायण यादव) के बेटे कुणाल कुमार ने घटना की वजह और आरोपियों के नाम को लेकर बड़ा खुलासा किया है। घटना से जुड़ी तीन तस्वीरें देखिए मृतक के बेटे ने कहा- आरोपी अवैध शराब का कारोबार करते हैं कुणाल ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पिता रोज की तरह गांव से बाइक पर दूध लेकर शहर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में भल्ला-रसोक के बीच सुनसान जगह पर अनिल यादव, नवल यादव, मसूरिया यादव और उनके बेटे मुकेश यादव समेत अन्य लोगों ने उन्हें रोककर गोली मार दी। कुणाल के अनुसार आरोपियों के साथ उनका पूर्व से विवाद चला आ रहा था। आरोपी पक्ष के लोग अवैध शराब बेचने के कारोबार में संलिप्त हैं। हाल ही में उनकी शराब पकड़ी गई और इस मामले में मुकेश यादव जेल गया था। आरोपियों को शक था कि उनके पिता विनोद कुमार ने पुलिस को शराब की मुखबिरी (सूचना) दी है, जबकि उनके पिता सिर्फ अपने दूध के व्यवसाय से मतलब रखते थे। इसी रंजिश और शक के आधार पर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस द्वारा समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और मामले को दबा दिया गया, जिसके कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए और शनिवार की देर शाम उन्होंने इस हत्याकांड को अंजाम दे दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॉर्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद और पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान और दर्ज कराए जा रहे आवेदन के आधार पर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। घटना स्थल के आसपास के रास्तों की भी जांच की जा रही है। एसपी बोले- परिजन ने पूछताछ में महत्वपूर्ण बातें बताई है, जांच जारी है एसपी मनीष ने बताया कि देर शाम विनोद यादव के हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। विनोद यादव दूध बेचने का काम करते थे। सांख के रहने वाले थे और शहर से करीब चार-पांच किलोमीटर दूर ग्रामीण सड़क पर सूजा भर्रा के समीप गोली मारकर हत्या की गई है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया है। परिजनों ने पूछताछ में महत्वपूर्ण बातें बताई है। आरोप है कि गोतिया शराब केस में जेल गया था। उसका मानना था कि विनोद यादव ने ही पकड़ाया है। इसी शक में हत्या की बात पर परिजनों द्वारा कही गई है। सभी पहलुओं पर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई चल रही है।
Source link
बेगूसराय में दूध कारोबारी की गोली मारकर हत्या:बदमाशों ने सिर में मारी 2 गोलियां, शराब तस्करी की मुखबिरी के शक में मर्डर की आशंका
