भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में लोहा चोरी का मामला छत्तीसगढ़ के सबसे चर्चित मामलों में शामिल हो गया है। GM हिमांशु भूषण मलिक और AGM मनोज कुमार देवांगन के बाद पुलिस ने शनिवार को वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार को गिरफ
.
मामले में पुलिस का कहना है कि लोहा चोरी में जिन ट्रकों का इस्तेमाल किया जा रहा था, वे भास्कर मुदलियार से जुड़े हैं। इसी आधार पर उससे पूछताछ की गई और बाद में उसे गिरफ्तार किया गया। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद भास्कर मुदलियार को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
बता दें कि शुरुआत में इसे स्क्रैप चोरी का मामला माना गया था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि यह एक संगठित गिरोह का काम था। जांच में प्लांट के कुछ अधिकारी, ठेकेदार, ट्रांसपोर्टर, कारोबारी और अब एक भाजपा नेता का नाम भी सामने आया है। अब तक इस मामले में 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की जांच अभी भी जारी है।
पहले देखिए ये तस्वीरें-

पुलिस ने भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार किया।

हथखोज के गोदाम में BSP का संदिग्ध लोहा बरामद किया गया था।

पुलिस ने लोहा चोरी में इस्तेमाल 10 गाड़ियां जब्त की थी।

फ्लाई ऐश की आड़ में लोहा प्लांट से बाहर निकाला जाता था।
6 साल के लिए पार्टी से किया निष्कासित
भाजपा नेता और मंडल कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने भी कार्रवाई की है। भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने भास्कर मुदलियार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया।
गिरफ्तारी पर पुलिस ने नहीं जारी की फोटो और प्रेस रिलीज
भिलाई स्टील प्लांट लोहा चोरी मामले में अब तक कुल 17 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दुर्ग पुलिस ने इससे पहले गिरफ्तार किए गए 16 आरोपियों की फोटो, वीडियो और प्रेस रिलीज जारी की थी।
भास्कर मुदलियार की गिरफ्तारी के बाद न तो उनकी तस्वीर सार्वजनिक की गई और न ही गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी की गई।

भास्कर मदलियार को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
26 मई को हुआ था मामले का खुलासा
26 मई 2026 को पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित एके ट्रेडर्स और हथखोज के प्लॉट नंबर-18 में छापा मारा था। जांच के दौरान कई हाईवा, ट्रक और अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री मिली थी।
मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप जब्त किया गया था। इसके अलावा स्क्रैप की ढुलाई और लोडिंग में इस्तेमाल होने वाले कई वाहन, जेसीबी, हाईड्रा और अन्य मशीनें भी जब्त की गई थीं। जब्त सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपए आंकी गई थी। इसमें लगभग 90 लाख रुपए का लौह स्क्रैप शामिल था।

पुलिस ने बीएसपी के GM हिमांशु भूषण मलिक (54) और AGM मनोज कुमार देवांगन (58) को गिरफ्तार किया था।
जानिए कैसे काम करता था पूरा नेटवर्क
जांच में सामने आया कि भिलाई स्टील प्लांट से निकलने वाले फ्लू डस्ट में आयरन स्क्रैप मिलाकर उसे प्लांट से बाहर भेजा जाता था। बाहर पहुंचने के बाद स्क्रैप को अलग कर एके ट्रेडर्स समेत अन्य स्थानों पर जमा किया जाता था। पुलिस के अनुसार, फ्लाई ऐश और फ्लू डस्ट की आड़ में लंबे समय से यह अवैध कारोबार चल रहा था।
जांच में आरोप सामने आए कि बीएसपी के तत्कालीन जनरल मैनेजर (GM) हिमांशु भूषण मलिक और असिस्टेंट जनरल मैनेजर (AGM) मनोज कुमार देवांगन कथित रूप से लोहा चोरी करने वाले गिरोह के संपर्क में थे और प्लांट के भीतर से उनकी मदद कर रहे थे।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इसके बाद जांच का दायरा लगातार बढ़ता गया और कई अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई।
जांच के घेरे में CISF के जवान भी
बीएसपी लोहा चोरी मामले की जांच की आंच केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) तक भी पहुंची है। बताया जा रहा है कि ड्यूटी में कथित लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था में चूक के आरोप में CISF के सात जवानों को सस्पेंड किया गया है। हालांकि, इस संबंध में CISF की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

……………….
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
BSP लोहा चोरी केस, GM-AGM अरेस्ट: प्लांट के अंदर से आरोपियों की कर रहे थे मदद; फ्लू डस्ट की आड़ में स्क्रैप चोरी

भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में फ्लू डस्ट की आड़ में आयरन स्क्रैप चोरी के मामले में प्लांट के 2 अधिकारियों का नाम सामने आया है। पुलिस ने बीएसपी के GM हिमांशु भूषण मलिक (54) और AGM मनोज कुमार देवांगन (58) को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर…
