Headlines

6 साल की बच्ची से बैड टच, बीड़ी से दागा:पानीपत में मां संग भागे प्रेमी ने की दरिंदगी, मारपीट, करवाई बंधुआ मजदूरी




पानीपत जिले के समालखा थाना क्षेत्र से गहने और नकदी लेकर प्रेमी संग फरार हुई मां के साथ गए बच्चों में से 6 वर्षीय बच्ची के साथ एक युवक द्वारा बैड टच करने, जलती हुई बीड़ी से होंठ व हाथ दागने और बच्चों से मारपीट कर बंधुआ मजदूरों की तरह काम कराने का आरोप लगा है। पीड़ित पिता की शिकायत पर समालखा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 5 तोले जेवर, नगदी व चारों बच्चों को लेकर फरार हुई थी महिला समालखा थाना पुलिस को दी गई शिकायत में एक व्यक्ति ने बताया कि उसके तीन बच्चे (दो लड़के व एक लड़की) हैं। उसके साले का एक लड़का भी उन्हीं के साथ रहता है। गत 10 जुलाई की सुबह जब वह अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था, तो उसकी पत्नी घर में रखे 5 तोले सोने के जेवर और 65 हजार रुपए की नकदी और चारों बच्चों को लेकर अचानक गायब हो गई। उसने तीन-चार दिनों तक अपने स्तर पर पत्नी और बच्चों की काफी तलाश की। इसी दौरान किसी अनजान नंबर से उसे पट्टीकल्याणा क्षेत्र की लोकेशन मिली। इसके बाद उसने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पट्टीकल्याणा से बच्चों की बरामदगी, मां व आरोपी हुए थे फरार पुलिस ने सर्विलांस और लोकेशन के आधार पर पट्टीकल्याणा स्थित चस्कू गुर्जर के घर पर छापामारी की। पुलिस को आते देख आरोपी चस्कू गुर्जर और महिला मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर पिता को सुपुर्द कर दिया। घर लौटने के बाद से ही बच्चे काफी डरे-सहमे और गुमसुम रहते थे। दो-तीन दिन पहले जब पिता ने प्यार से बच्चों को पास बैठाकर उनसे उदासी का कारण पूछा, तो बच्चों ने आरोपी की बर्बरता का खुलासा किया। 6 साल की बच्ची से बैड टच, जलती बीड़ी से दागा बच्चों ने अपने पिता को बताया कि जब उनकी मां उन्हें चस्कू गुर्जर के घर ले गई थी, तो आरोपी चस्कू रोजाना शराब पीकर आता था। वह बच्चों को डराता-धमकाता था, उनसे मारपीट करता था और घर का सारा काम करवाता था। बच्चों ने बताया कि 12 जुलाई की शाम जब उनकी मां बाथरूम में नहा रही थी, तब शराब के नशे में धुत चस्कू गुर्जर 6 वर्षीय मासूम बच्ची को जबरन उठाकर दूसरे कमरे में ले गया। वहां आरोपी ने बच्ची के साथ बैड टच किया। जब बच्ची ने विरोध किया तो जलती हुई बीड़ी से मासूम के होंठ के नीचे और हाथ पर जला दिया। इस दौरान दूसरे बच्चे ने हिम्मत दिखाकर बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़वाया। आरोपी ने बच्चों का मोबाइल फोन तोड़ दिया और धमकी दी कि यदि उन्होंने इस बारे में अपने पिता को बताया, तो वह उनके पापा को जान से मार देगा। बच्चों ने जब इस घटना की जानकारी अपनी मां को दी, तो मां ने भी इसे अनदेखा करते हुए कहा कि कोई बात नहीं, अंकल हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *